• बोले- किसानों की समस्या हमारी समस्या, CM से मिलकर करेंगे बात

झज्जर में रेवाड़ी जिले के प्रदूषित पानी को पाइपलाइन के जरिए ड्रेन नंबर-8 में डाले जाने की सूचना पर भाजपा नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि ड्रेन नंबर-8 केवल पानी की निकासी का माध्यम नहीं है, बल्कि बादली क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण स्रोत भी है। ऐसे में इसमें प्रदूषित पानी डाले जाने से खेती और किसानों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।

झज्जर में मीडिया से बातचीत के दौरान धनखड़ ने बताया कि क्षेत्र के किसान उनसे मिले थे और उन्होंने इस मामले को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी। धनखड़ ने कहा कि किसानों की समस्या हमारी साझा समस्या है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष उठाया जाएगा।

ओमप्रकाश धनखड़ के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली है कि रेवाड़ी क्षेत्र का प्रदूषित पानी मसानी बैराज से पाइपलाइन के माध्यम से ड्रेन नंबर-8 में डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह ड्रेन बादली क्षेत्र की कृषि व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सिंचाई विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 70 हजार एकड़ फसल की सिंचाई इसी ड्रेन से होती है। ऐसे में प्रदूषित पानी आने से कृषि भूमि और फसलों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को गंभीरता से लेने की जरूरत है।

किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मिलेंगे धनखड़

धनखड़ ने कहा कि वह किसानों के प्रतिनिधिमंडल को साथ लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बातचीत करेंगे। इस दौरान किसानों की चिंताओं और ड्रेन नंबर-8 में प्रदूषित पानी डाले जाने के मुद्दे को प्रमुखता से रखा जाएगा, ताकि मामले का उचित समाधान निकल सके।

सिंचाई का बड़ा स्रोत है ड्रेन नंबर-8

धनखड़ ने कहा कि ड्रेन नंबर-8 की भूमिका केवल जल निकासी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र में नहर की तरह भी काम करती है। बड़ी कृषि भूमि की सिंचाई इससे जुड़ी हुई है। इसलिए इसमें प्रदूषित पानी डालने के मामले की जांच और किसानों के हितों की रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर किसानों के साथ मिलकर सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जाएगा।