- कैथल में बृजेंद्र सिंह बोले- लोकतंत्र का हनन बर्दाश्त नहीं, CEC का मांगेंगे इस्तीफा
कैथल में कांग्रेस की वोट बचाओ लोकतंत्र बचाओ रैली के प्रभारी बृजेंद्र सिंह ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी के खिलाफ रैली की जाएगी। यह रैली इंडिया गंठबंधन की ओर से की जाएगी। इस रैली में हरियाणा प्रदेश से भारी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। सरकार वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र का हनन कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बृजेंद्र सिंह सोमवार को कैथल में कार्यकर्ताओं को रैली का निमंत्रण देने के लिए पहुंचे। इस संबंध में उन्होंने किसान भवन में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीने से वोट चोरी के विरोध को आंदोलन का रूप दिया गया है। गैर कानूनी और असंवैधानिक तरीके से चीफ निर्वाचन अधिकारी एकतरफा फैसले ले रहे थे। इसके खिलाफ एक मुहीम चलाई गई है।
वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र का हनन किया जा रहा है। इसके जरिेए गैर कानूनी तरीके से सरकारें बनाई जा रही हैं।
हरियाणा की भागीदारी सबसे ज्यादा
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि उसके विरोध में एक नवंबर को रैली होगी। रैली के दो पहलु होंगे, जिनमें से एक मार्च रहेगा और दूसरा रैली भी होगी। इसकी रूपरेखा निर्धारित की जाएगी। इसका फैसला अभी जल्द लिया जाएगा। दिल्ली में कोई भी इवेंट होता है, तो उसमें हरियाणा की भागीदारी सबसे अधिक रहती है। उन्होंने अपील की कि कांग्रेस के कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा संख्या में दिल्ली पहुंचें।
भाजपा वोट न देने वालों को कर रही टारगेट
वहीं कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि वोट बचाओ देश बचाओ आंदोलन ज्ञानेश कुमार पर लगे आरोपों के सामने आने के बाद तेज किया गया। रोजाना भाजपा की पोल खुल रही है। भाजपा सरकार उन जातियों और धर्मों को टारगेट करती है, जो उन्हें वोट नहीं डालते। सरकार वोट के हक को खत्म करना चाहती है।
खुलेआम वोट चोरी और गुंडागर्दी की जा रही है। वे अपील करते हैं कि लोग कांग्रेस को समर्थन दें। लोकतंत्र की हत्या न हो, इसके लिए सबको साथ मिलकर चलने की जरूरत है। उन्होंने अपील की, कि एक नवंबर को रामलीला मैदान दिल्ली में पहुंचें और चीफ इलेक्शन कमीशन से ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगें।
