- फरीदाबाद में मंत्री गुर्जर का कांग्रेस पूर्व MLA पर पलटवार
फरीदाबाद में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज शर्मा के ‘कूड़ा मंत्री’ वाले बयान पर पलटवार किया। गुर्जर ने शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि छोटी मानसिकता वाले लोग कभी बिहारी भाइयों के लिए मां-बहन की गालियों का इस्तेमाल करते हैं। जिनकी अपनी वाणी पर संयम नहीं है, उनकी बात क्या करें।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की भाषा पर भी सवाल उठाए। कहा कि उनकी भाषा से उनके और उनकी पार्टी का चरित्र साफ दिखाई देता है। गुर्जर शनिवार को सेक्टर-12 खेल परिसर में सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन और विपक्ष की भूमिका पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि विरोध के नाम पर किसी को देश में अराजकता फैलाने का अधिकार नहीं है। देश में सत्ता परिवर्तन जनता के जनादेश और मताधिकार से होता है, फिलहाल इसकी कोई संभावना नहीं है।
जनादेश से बदलती है सत्ता, अभी इसकी संभावना नहीं
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि देश में जब भी सत्ता परिवर्तन होता है तो वह जनता के जनादेश और मताधिकार से होता है। फिलहाल इसकी दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विरोध के नाम पर किसी को भी देश में अराजकता फैलाने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस और विपक्षी दलों की मंशा साफ दिखाई दे रही है। वे अराजकता फैलाकर देश की तरक्की में बाधा डालना चाहते हैं।
देश की तरक्की कुछ ताकतों को पसंद नहीं
गुर्जर ने कहा कि देश और दुनिया में ऐसी ताकतें मौजूद हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ता भारत अच्छा नहीं लगता। हालांकि, ऐसी ताकतें अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होंगी।
उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
खेल महोत्सव में 2,000 से ज्यादा खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर सेक्टर-12 खेल परिसर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा खेल नीति के मामले में देश में सबसे आगे है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जब देश के खिलाड़ी पदक जीतते हैं तो उनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का बड़ा योगदान होता है। सांसद खेल महोत्सव में 2,000 से ज्यादा बच्चे हिस्सा ले रहे हैं।
