- फतेहाबाद में मंत्री रणबीर गंगवा बोले- एसआईआर पर विपक्ष भ्रम फैला रहा
फतेहाबाद में प्रदेश के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष भ्रम और दुष्प्रचार फैला रहा है।
शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय पर मीडिया से बातचीत करते हुए गंगवा ने कहा कि मतदाता सूचि का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत करने और चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए जरूरी है। उनके मुताबिक, विपक्ष राजनीतिक स्वार्थ के चलते इस प्रक्रिया को विवाद का विषय बना रहा है।
उन्होंने कहा कि हर चुनाव से पहले मतदाता सूचियों को अपडेट करने और गलतियां सुधारने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण हुआ, लेकिन तब कांग्रेस ने इस पर सवाल नहीं उठाए।
मतदाता सूची से अपात्र के नाम हटाने पर नहीं होनी चाहिए आपत्ति : गंगवा
गंगवा ने कहा कि अपात्र लोगों के नाम हटाने और पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष अब तक यह साबित नहीं कर पाया कि एसआईआर के तहत किसी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और अदालतों ने तथ्य और दस्तावेज मांगे, लेकिन विपक्ष कोई ठोस प्रमाण नहीं दे सका। गंगवा ने आरोप लगाया कि चुनावी हार से हताश विपक्ष जनता के मुद्दे उठाने के बजाय झूठ और अफवाहों से राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है।
1 नवंबर को रोहतक में निकाली जाएगी पदयात्रा
गंगवा ने बताया कि विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देने और लोगों को तथ्य बताने के लिए 1 नवंबर को रोहतक में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा, पूर्व विधायक दुड़ाराम, विकास ललोदा और जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी मौजूद रहे।
