• भाजपा और चुनाव आयोग पर साधा निशाना

वोट चोरी के आरोपों को लेकर रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की रैली आयोजित हुई। इसमें सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल और कालांवाली विधायक शीशपाल कहरवाला समर्थकों के साथ शामिल हुए।

सिरसा से पूर्व सांसद अशोक तंवर, विधायक गोकुल सेतिया, मोहित शर्मा और डबवाली से कांग्रेस नेता डॉ. केवी सिंह के नेतृत्व में भी कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंचे। सिरसा से कई किसान नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

जिप्सी में सुरजेवाला के साथ दिखीं सैलजा

प्रदर्शन के दौरान सांसद कुमारी सैलजा राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला के साथ जिप्सी में नजर आईं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। सैलजा ने कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति जनता के आक्रोश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं।

सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप

कुमारी सैलजा ने कहा कि संसद में विपक्ष को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जाता। लोकतंत्र में असहमति और विरोध का सम्मान होना चाहिए, लेकिन सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का पारदर्शिता के साथ जवाब देने की मांग की। सैलजा ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव करके भाजपा सरकार दोहरी नीति अपना रही है।

लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प

सैलजा ने कहा कि दिल्ली की रैली से निकला संदेश देश के गांवों और घरों तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में देश की जागरूक जनता निर्णायक भूमिका निभाएगी।