- जलपान करवाते
रोहतक लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मॉडल टाउन के बापू पार्क में भाजपा की सभा को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर के सामने सभा जिस उद्देश्य से रखी थी, उसका उल्टा असर हुआ। भाजपा ने सोचा कुछ था और हो कुछ अलग गया।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और पार्टी के रणनीतिकारों को बधाई देते हैं। रोहतक में सभा इस उद्देश्य से रखी गई थी कि दिल्ली रैली में जाने वालों की संख्या कम हो जाए, लेकिन वहां जाने वालों की संख्या दोगुनी हो गई। युवाओं में भी जोश बढ़ गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से थोड़ी चूक हो गई। वह उनके दुश्मन नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं। अगर पहले बता देते कि घर के सामने सभा करनी है तो उनका स्वागत करते और घर पर जलपान का प्रबंध भी करवाते।
‘भाजपा वालों का डर देखकर अच्छा लगा’
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने डर के मारे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर के सामने सभा रखी। इसमें नितिन नबीन के साथ स्मृति ईरानी, जयंत चौधरी और हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का डर देखकर अच्छा लगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा का औचित्य नहीं- आशा हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहतक आए थे, तो पूरे प्रदेश से भीड़ जुटाकर किसी खुले मैदान में सभा करनी चाहिए थी। मार्केट में सभा करना उचित नहीं था, क्योंकि मॉडल टाउन में शाम के समय वैसे ही भीड़ रहती है।
रोहतक आकर राष्ट्रीय अध्यक्ष कोई घोषणा तो करते
आशा हुड्डा ने कहा कि अगर कोई उनके घर के सामने आएगा, तो वे उसका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन रोहतक आए थे तो शहर के लिए कुछ काम भी करवा जाते। महात्मा गांधी पार्क का सुधार करवाते और सड़कों को ठीक करवाते, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
