- आरती राव के बयान पर पलटवार
रेवाड़ी में पानी की उपलब्धता और विकास कार्यों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के बयान पर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं रेवाड़ी के पूर्व विधायक रघु यादव ने प्रतिक्रिया दी।
रविवार को प्रेसवार्ता में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राव बीरेंद्र सिंह पर अहीरवाल के पिछड़ेपन के लिए जिम्मेदार होने के आरोप लगाए। उन्होंने उनके कार्यकाल और सामाजिक शिक्षण संस्थाओं के संचालन पर भी सवाल उठाए।
आरती राव की बात पर किया पलटवार
कुछ दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कई बड़े प्रोजेक्ट का श्रेय अपने परिवार को दिया था। इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर रघु यादव ने कहा कि क्षेत्र के लोग जानते हैं कि अहीरवाल के लिए क्या काम हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहने के बावजूद रेवाड़ी की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनके अनुसार, जमीन के नीचे का पानी खारा होने के कारण लोगों को घरेलू जरूरतों के लिए भी परेशानी होती थी।
बीएड दाखिलों के नाम पर चंदा लेने का आरोप
रघु यादव ने आरोप लगाया कि समाज के लोगों और उनके पुरखों ने शिक्षण संस्थाएं बनाई थीं, लेकिन उनका उपयोग शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने के बजाय कमाई के लिए किया गया। उन्होंने दावा किया कि बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए चंदा लिया जाता था और समर्थकों के परिवारों को भी इससे अलग नहीं रखा गया।
उन्होंने कहा कि पुराने और सेवानिवृत्त शिक्षकों से इस संबंध में जानकारी ली जा सकती है। रघु यादव ने तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों को लेकर भी सवाल उठाए।
तुलाराम के नाम पर किए वादों पर सवाल
इनेलो नेता ने पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत पर तुलाराम के नाम पर अहीर समाज से बड़े वादे करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली में इन वादों के तहत वास्तव में क्या काम हुआ।
रघु यादव ने कहा कि वर्ष 1987 में विधानसभा में उन्होंने तुलाराम की छुट्टी बहाल कराने का मुद्दा उठाया था। उनके अनुसार, इसके बाद तुलाराम पार्क में सरकार की ओर से शहीदी दिवस का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि तुलाराम के नाम पर राजनीति करने वालों को अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए।
नहरी पानी और सिंचाई की उपलब्धता पर जोर
रघु यादव ने दावा किया कि वर्ष 1987 में विधानसभा पहुंचने के बाद उन्होंने रेवाड़ी में नहरी पानी की योजना, एमडीयू का क्षेत्रीय केंद्र और अलग जिला बनाने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के बाद शहर में नहरी पानी पहुंचा, उच्च शिक्षा का क्षेत्रीय केंद्र शुरू हुआ और रेवाड़ी जिला बना।
उन्होंने कहा कि अब पूरे अहीरवाल की कृषि योग्य जमीन तक सिंचाई का पानी पहुंचाना जरूरी है। रघु यादव ने दावा किया कि इनेलो की सरकार बनने पर क्षेत्र की जमीन को सिंचित करने और बेरोजगारी खत्म करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
प्रेसवार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान जिला प्रधान डॉ. राजपाल यादव, प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट रजवन्त डहीनवाल, महिला प्रधान कमला शर्मा, सम्पत राम ढहनवाल, रामकिशन छिल्लर, वरुण गांधी, कुलदीप यादव, जितेन्द्र देशवाल, एडवोकेट सतीश यादव, गौरव सैनी, सुरेन्द्र डूडी, कैलाश सैनी और एडवोकेट चन्द्र प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
