• रोहतक में इनेलो युवा प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा-कांग्रेस को घेरा

रोहतक में इनेलो के युवा प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी के बेटे भूपेंद्र राठी ने भाजपा व कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का जिले में आने पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा स्वागत करना यह दर्शा रहा है कि दोनों आपस में मिले हुए है। हुड्डा परिवार का हाथ भाजपा के साथ है।

भूपेंद्र राठी ने कहा कि BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहतक में आकर प्रदर्शन करते हैं। मैं बड़ा हैरान हूं। उनको ये तो दिख रहा है कि प्रदर्शन का समय है, क्या उनको ये दिख रहा है कि बदमाशों के कारण रोहतक उजड़ा पड़ा है। जिस पार्क के सामने वो प्रदर्शन कर रहे थे, वहां सैकड़ों दुकानों से फिरौती मांगी गई है। क्या नितिन नवीन या कोई मंत्री एक भी दुकान पर गए और पूछा कि तेरे से किसी बदमाश ने पैसे मांगे हैं।

भाजपा रोहतक में अपना वर्चस्व बनाना चाहती

भूपेंद्र राठी ने कहा कि भाजपा सिर्फ ढकोसलेबाजी कर रही है। सिर्फ यह दिखाने के लिए कि भाजपा रोहतक में अपना वर्चस्व बनाना चाहती है, हम जिंदा हैं। जिंदा तब होगे, जब जिंदा लोगों के लिए आवाज बनोगे। प्रदर्शन करने या आरोप लगाने से जिंदा नहीं होगे।

हुड्डा व भाजपा के बीच आपसी सांठगांठ

भूपेंद्र राठी ने कहा कि रोहतक MP दीपेंद्र हुड्डा कहते हैं कि हम भाजपा अध्यक्ष का स्वागत करते हैं कि यहां प्रोग्राम कर रही है। जब INLD ने रैली की थी, तब दीपेंद्र हुड्डा को क्यों तकलीफ हो रही थी? क्यों आज भी मीडिया के सामने बखान कर देते हैं कि इनेलो ने यहां रैली क्यों की। भाजपा से क्यों प्रेम दिखाया जा रहा है। इसका मतलब जो आम जन कहते हैं कि हुड्डा परिवार का साथ भाजपा के साथ, उस बात को कन्फर्म किया है।

46,500 नौकरियों का प्रमाण दे सरकार

भूपेंद्र राठी ने कहा कि जब युवा सरकार से सवाल करता है तो उन्हें पाकिस्तानी बता देते है। अंग्रेजों की तरह देशद्रोही का नारा देते हैं। 46,500 नौकरियों का कोई प्रमाण नहीं दिया। भाजपा की सोच यह है कि आप और मैं अगर सरकार की जय-जयकार करेंगे तो हमसे बड़ा देशभक्त कोई नहीं होगा, लेकिन अगर सरकार से सवाल करेंगे तो आप पाकिस्तानी और मैं बांग्लादेशी बन जाउंगा।

भर्ती का वार्षिक कैलेंडर नहीं किया जारी

भूपेंद्र राठी ने कहा कि सरकार ने आज तक किसी भी भर्ती का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर जारी नहीं किया। युवाओं को यह तक नहीं पता कि किस महीने में कौन सी परीक्षा होगी, परिणाम कब आएगा और जॉइनिंग कब कराई जाएगी। हरियाणा पुलिस, फॉरेस्ट गार्ड और लाइनमैन जैसी अहम भर्तियां अटकी हुई है। प्रदेश सरकार 46,500 युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के दावे तो करती है, लेकिन प्रमाण नहीं दे रही।