- 2 चुनाव आयुक्तों के 14 पत्रों को बताया सबूत, रोहतक में कहा- गड़बड़ी हुई
रोहतक में सोनीपत से कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा सरकार चोरी की सरकार है। वोट चोरी पर अब BJP वाले भी मानने लगे कि गड़बड़ हुई। चुनाव आयोग के 2 आयुक्तों ने भी 14 लेटर लिखकर प्रमाण दिया है कि वोटों की चोरी हुई है।
कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि आज पूरे देश में हाहाकार मचा है। आज भारतीय जनता पार्टी के लोग भी कहते हैं कि कहीं ना कहीं गड़बड़ हुई है। चुनाव आयोग में तीन सदस्य है, जिसमें से दो आयुक्तों ने सावधान करने की कोशिश की है। 14 लेटर लिखकर कहा कि हिंदुस्तान में सही नहीं हो रहा है, इसको आप सही करिए। तो इससे बड़ा सबूत क्या होगा।
बोले- राहुल गांधी ने भी चोरी की सरकार की बात कही
कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कहा कि हरियाणा की जो सरकार बनी, वो चोरी की सरकार है। भाजपा की जो सरकार बनी है, ये कोई सही सरकार नहीं, ये सही वोट की सरकार नहीं है, ये चोरी की सरकार है
चुनाव परिणाम के दिन पहले 65 प्रतिशत, फिर 67 प्रतिशत और आखिरी दिन 69 प्रतिशत मतदान हो गया। निश्चित तौर पर गड़बड़ी हुई।
सोनिया गांधी की किताब को बताया सही
कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब में कुछ भी गलत नहीं है। कुमारी सैलजा का जिक्र होना गलत नहीं है, उसमें कोई बुराई भी नहीं है। कांग्रेस की रैली में देखा होगा कि हरियाणा की सबसे ज्यादा भीड़ थी। दिल्ली में किसके नेतृत्व में रैली हई, वो सब जानते है। हाईकमान भी जानता है, आम नागरिक भी जानते है और कांग्रेस के नेता भी जानते हैं।
भाजपा की बौखलाहट सड़क पर आई
कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ का नारा सत्ता पक्ष दे रहा है। देश की जनता ने भाजपा नेताओं पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। भाजपा के नेताओं का यही धंधा है, अब कुछ ना कुछ तो करेंगे। अब बौखलाकर सड़कों पर आ गए है। लोकतंत्र बचाओ का नारा सत्ता पक्ष दे रहा है, इससे ज्यादा क्या बेशर्मी होगी।
