• हरियाणा BJP अध्यक्ष के सामने भिड़े पूर्व मंत्री-सांसद

फतेहाबाद के टोहाना की राजनीति में पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के बीच चल रही सियासी खींचतान एक बार फिर खुलकर आ गई।

ओबीसी मोर्चा के अभिनंदन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच पर दोनों प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अगल-बगल बैठे थे, लेकिन दोनों के बीच की दूरी साफ दिखी। जब बोलने की बारी आई तो बबली ने यहां तक कह दिया- चुनाव में कई लोग ऐसे थे जिन्होंने अपने घरों पर तो बीजेपी के झंडे लगा रखे थे, पर अंदरखाने वोट कांग्रेस को दे दिए। अब लोगों की ‘फरफनी’ (घमंड) उतर गई है और उनका वहम मिट गया है। अगर किसी को बीजेपी का झंडा पसंद नहीं है, तो बेशक कांग्रेस का झंडा लगा ले, इसमें कोई बुराई नहीं है, पर दोगलापन न करे।

इस पर पलटवार वार करते हुए बराला ने कहा- भाजपा का कार्यकर्ता कभी धैर्य नहीं खोता। वह ठोकर खाकर भी किसी को गाली-गलौज नहीं करता, बल्कि पार्टी के निर्देशों के अनुसार काम करता रहता है।

 

दोनों की यह जुबानी जंग उस वक्त रुकी, जब प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने दो से 303 सीटों तक का सफर कार्यकर्ताओं के परिश्रम, ईमानदारी और कड़ी मेहनत के दम पर तय किया है। सभी कार्यकर्ता चुनाव में कमल खिलाने के लिए एकजुट होकर काम करें।

 

पहले जानिए पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने क्या कहा…

  • घरों पर भाजपा के झंडे, वोट कांग्रेस को दिए : बबली ने कहा कि चुनाव में कुछ लोगों ने घरों पर भाजपा के झंडे लगा रखे थे, लेकिन वोट कांग्रेस को दिए। बाद में वे कहने लगे कि कांग्रेस ने भाजपा के वोट ले लिए। बबली ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि क्या ऐसा नहीं हुआ था? उन्होंने कहा कि झंडे भाजपा के थे, लेकिन वोट हाथ के निशान पर डाले गए।
  • लोगों का वहम दूर हो गया : बबली ने अपने अंदाज में कहा कि अब लोगों की ‘फरफनी उतर ली’ है और उनका वहम मिट गया है। लोगों को बेरा लग गया है कि कौन अपने स्वार्थ की राजनीति कर रहा है और कौन टोहाना को आगे बढ़ते देखना चाहता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के नतीजों ने कई लोगों की गलतफहमी दूर कर दी है।
  • कार्यकर्ताओं को डराने की बजाय सम्मान दो : बबली ने पार्टी अध्यक्ष की ओर मुंह करके कहा कि अपनी स्वार्थ की राजनीति छोड़कर सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें। कार्यकर्ताओं को डराने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पदों की अदला-बदली करके अपना अलग सिस्टम खड़ा करने से संगठन मजबूत नहीं होगा। जब कार्यकर्ता ही डरेंगे तो पार्टी के लिए काम कैसे करेंगे?
  • राष्ट्र पहले, पार्टी दूसरे और खुद सबसे आखिर में : बबली ने कहा कि भाजपा का सिद्धांत है- सबसे पहले राष्ट्र, फिर पार्टी और आखिर में खुद। लेकिन टोहाना में इस सिद्धांत पर काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अगर सभी एकजुट नहीं हुए तो इलाके में 50-55 साल तक सत्ता में रहे लोगों के शोषण को रोकना मुश्किल होगा। पार्टी को मिलकर काम करना होगा, तभी चौथी बार सरकार बनाने का लक्ष्य पूरा हो सकेगा।
  • झंडा पसंद नहीं तो कांग्रेस का लगा लो : बबली ने कहा कि जिसे भाजपा का झंडा पसंद नहीं है, वह कांग्रेस का झंडा लगा ले, इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन दोहरी राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने अपनी आजाद उम्मीदवार के तौर पर लड़े पिछले चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उसी चुनाव के बाद टोहाना में भाजपा की सीट निकल पाई।
  • मैं दगा नहीं कर सकता: बबली ने कहा कि पार्टी ने उन्हें पूरे मान-सम्मान से चुनाव लड़वाया है। वे टोहाना की जनता से कभी दगा (धोखा) नहीं कर सकते और जब तक पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चाहेगा, वे एक सच्चे कार्यकर्ता के तौर पर बीजेपी को आगे बढ़ाने का काम करते रहेंगे।

बबली के बयान पर बराला ने ऐसे किया पलटवार…

  • भाजपा कार्यकर्ता धैर्य नहीं खोता : राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कभी धैर्य नहीं खोता। ठोकर खाने के बाद भी वह किसी को गाली नहीं देता, बल्कि पार्टी के निर्देशों के अनुसार काम करता रहता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता नाराजगी के बावजूद संगठन के लिए चुपचाप मेहनत करता है। यही अनुशासन और समर्पण पार्टी की ताकत है।
  • कार्यकर्ताओं की मेहनत नजरअंदाज नहीं कर सकते : बराला ने आगे कहा कि पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की मेहनत और भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कई बार कार्यकर्ता नाराज होने के बावजूद संगठन के साथ खड़ा रहता है और अपनी जिम्मेदारी निभाता है। उनके इस बयान को देवेंद्र सिंह बबली की संगठन और कार्यकर्ताओं को लेकर की गई टिप्पणी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

इसलिए हैं दोनों के बीच सियासी दूरियां…

देवेंद्र सिंह बबली और सुभाष बराला टोहाना विधानसभा सीट पर अब तक दो बार चुनावी मुकाबले में आमने-सामने आ चुके हैं। दोनों के बीच पहला मुकाबला 2014 में हुआ था। तब बराला भाजपा और बबली निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में थे। बराला ने 49,462 वोट लेकर जीत दर्ज की, जबकि बबली को 38,282 वोट मिले थे। वो तीसरे स्थान पर रहे थे।

2019 के विधानसभा चुनाव में दोनों फिर आमने-सामने आए। इस बार बबली दुष्यंत चौटाला की जजपा और बराला भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े। बबली ने 1,00,752 वोट हासिल कर बराला को 52,302 वोटों से हराया। बराला को 48,450 वोट मिले थे।

2024 में भाजपा ने बबली को टोहाना से टिकट दिया था, जबकि बराला चुनाव मैदान में नहीं उतरे। इस चुनाव में बबली कांग्रेस के परमवीर सिंह से 10,836 वोटों से हार गए। हालांकि चुनाव बराला की नाराजगी सामने आई थी और वो बबली के चुनाव प्रचार से दूर रहे थे।