• धान खरीद में 2000 करोड़ तक का घोटाला: दुष्यंत चौटाला

पानीपत में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को भाजपा सरकार पर चुनाव से लेकर धान खरीद तक में गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि इस बार प्रदेश में धान खरीद के दौरान 1500 से 2000 करोड़ रुपये का घपला हुआ है। पार्टी इसकी जांच के लिए तथ्य जुटा रही है। तथ्य सामने आने के बाद जेजेपी इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीद में केंद्र सरकार के पैसे का दुरुपयोग हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा वोट चोरी नहीं, बल्कि वोट की डकैती कर रही है।

जेजेपी के स्थापना दिवस पर 6 दिसंबर को होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर शनिवार को जाटल रोड स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दुष्यंत चौटाला बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बड़े स्तर पर फर्जी वोट बनवाकर चुनाव में जीत हासिल की और बाद में पकड़े जाने के डर से उन वोटों को कटवा दिया। उन्होंने दावा किया कि पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भी करीब 70 हजार वोट काटे गए हैं। उनका आरोप था कि चुनाव आयोग स्वतंत्र संस्था होने के बावजूद भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।

धान खरीद में 1500 से 2000 करोड़ के घपले का आरोप, पीएम से करेंगे सीबीआई जांच की मांग

दुष्यंत चौटाला ने धान खरीद को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश की मंडियों में किसानों की फसल को खरीदार नहीं मिल रहे। इसराना मंडी में आज भी पीआर धान पड़ा हुआ है। किसानों को मजबूरी में कम दाम पर अपनी फसल बेचनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में करीब 1300 मिलें थीं, जो अब घटकर 600 रह गई हैं। मिलों की संख्या घटने से धान की खरीद और उठान पर असर पड़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्रियों ने मंडियों का दौरा कर कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन आज तक किसी मिलर या अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। इस बार धान खरीद में 1500 से 2000 करोड़ रुपये के घपले की आशंका है। पार्टी इसके तथ्य जुटा रही है। उन्होंने कहा कि मामला पूरी तरह सामने आने के बाद प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग करेंगे, क्योंकि इसमें केंद्र सरकार का पैसा भी शामिल है।

वोट चोरी नहीं, यह तो वोट की डकैती है

चुनाव आयोग और मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पिछले दिनों देश के स्वतंत्र चुनाव आयोग को सरकार ने सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सवा करोड़ हिंदुओं के वोट कटने की बात कही है। इसके बावजूद भाजपा इस मुद्दे को जाति और धर्म से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि जेजेपी स्थापना दिवस से इस मुहिम को बड़े स्तर पर उठाएगी।

दुष्यंत ने कहा कि वोट चोरी कहना भी छोटी बात है। यह तो वोट की डकैती है। भाजपा ने देश के नागरिकों का पहला संवैधानिक अधिकार छीनने का प्रयास किया है। उन्होंने फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में साढ़े पांच लाख से अधिक वोट कटने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा की जीत पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास के भाजपा शासित राज्यों से मतदाताओं के नाम यहां पंजीकृत करवाकर वोट डलवाने की आशंका है।

देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिक का भी वोट काट दिया

दुष्यंत चौटाला ने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व सैनिक एसएस राठी ने देश की सेवा की है। सेना में रहते हुए उन्हें गोली भी लगी और वह सेना की पेंशन भी ले रहे हैं। पिछले 20 साल से मतदान कर रहे थे, लेकिन इस बार उनका नाम भी मतदाता सूची से काट दिया गया। इसी तरह रोहतक से उम्मीदवार रहे राजेश सैनी का वोट भी काट दिया गया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल आपत्ति दर्ज कराकर अपने लोगों के वोट दोबारा जुड़वा सकते हैं, लेकिन आम आदमी अपने संवैधानिक अधिकार के लिए कहां जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक फायदे के लिए लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित कर रही है।

नाव डूबने से पहले ही भागने लगे चूहे

दुष्यंत चौटाला ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि देश में जिस तरह के हालात बन रहे हैं, उनमें नौजवानों को वोट के अधिकार से दूर किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, जैसे नाव डूबती है तो चूहे भागने लगते हैं, लेकिन यहां तो नाव डूबने से पहले ही चूहे भागने लगे हैं। उन्होंने इसे भाजपा की राजनीतिक स्थिति और चुनावी रणनीति से जोड़ते हुए हमला बोला।

मुख्यमंत्री को प्रदेश की चिंता नहीं, हर जिले में गोलीबारी और फिरौती की धमकियां

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को प्रदेश के हालात पर ध्यान देना चाहिए। आज प्रदेश का कोई ऐसा जिला नहीं है, जहां गोली चलने की घटना न हुई हो। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में कितनी हत्याएं हुईं और कितने लोगों को फिरौती की धमकियां मिलीं, इसका पूरा आंकड़ा वह दे सकते हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से ग्रुप सी और डी में दी गई नौकरियों तथा विद्यार्थियों को दी गई छात्रवृत्ति का हिसाब भी मांगा। दुष्यंत ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल झूठ बोलने का काम कर रहे हैं और प्रदेश की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटका रहे हैं।

इसराना में पंचायत की सरकारी जमीन पर धान की फसल, जांच और एफआईआर की मांग

इसराना विधानसभा क्षेत्र का मुद्दा उठाते हुए दुष्यंत चौटाला ने चौधरी देवी लाल रूरल टाउनशिप का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि टाउनशिप का नक्शा पास है और इसकी प्लानिंग भी अप्रूव हो चुकी है, लेकिन आज पंचायती राज मंत्री इसी विधानसभा क्षेत्र से होने के बावजूद जमीन पर पाइपलाइन और आधारभूत ढांचे का काम नहीं करवा पा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायती राज विभाग की सरकारी जमीन किसी निजी व्यक्ति को खेती के लिए दी गई है और उस पर धान की फसल खड़ी है। उन्होंने मांग की कि इसकी जांच करवाई जाए कि सरकारी जमीन पर किसने धान लगाया और यदि यह फसल ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकृत हुई है तो किस व्यक्ति के नाम पर हुई। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन का इस तरह इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

अनिल विज को जनता के प्यार और दुत्कार दोनों का अनुभव

हरियाणा के मंत्री अनिल विज की जेजेपी पर की गई टिप्पणी के सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने पलटवार करते हुए कहा कि अनिल विज ने भी राजनीति में समय का बदलाव देखा है। जनता प्यार भी करती है और दुत्कारती भी है। उन्होंने कहा कि विज ने वह समय भी देखा है, जब वह सांसद थे और जनता ने 303 से घटाकर 238 पर पहुंचा दिया था।

सोनिया गांधी की किताब पर बोले- पढ़ने के बाद ही दूंगा प्रतिक्रिया

सोनिया गांधी की किताब को लेकर पूछे गए सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने अभी तक किताब नहीं पढ़ी है। उसे पढ़ने के बाद ही कोई टिप्पणी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने अपनी जिंदगी और अपने बारे में कुछ लिखा है तो उसने सही ही लिखा होगा।