• भूपेंद्र हुड्डा को सबसे झूठा बताया, बोले- प्रदेश को कोई और चला रहा

 

भिवानी के गांव धनाना पहुंचे इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला ने सीएम नायब सैनी के साथ पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा। उन्होंने नायब सैनी को डमी और टाइम पास सीएम बताते हुए हुड्डा को सबसे झूठा बताया और साथ ही कहा कि मेरे खिलाफ बोलने वालों का इलाज कर दिया है।

अभय चौटाला ने हरियाणा में हर रोज बढ़ते अपराध के बहाने सीएम नायब सैनी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नायब सैनी डमी सीएम हैं, हरियाणा को कोई और ही संभाल रहा है। अभय ने कहा कि नायब को हरियाणा में कोई बुलाता नहीं, इसलिए वो कभी पंजाब तो कभी विदेश जाकर टाइम पास कर रहे हैं।

हुड्‌डा का पक्का इलाज किया

अभय चौटाला ने कहा कि मैंने भूपेंद्र हुड्डा का पक्का इलाज कर रखा है। हुड्डा से बड़ा कोई झूठा नेता नहीं। मैने हुड्डा की पोल खोली तो, मुझे नोटिस भेजने की बात कही, पर आज तक नोटिस नहीं आया। अभय ने कहा कि मैंने जो आरोप लगाए वो सही थे, वरना नोटिस आ जाता। साथ ही कहा कि हुड्डा मुझे महम चुनाव का दोषी बता दे तो मैं हुड्डा को कल ही कोर्ट में खड़ा कर दूंगा। जो ऐसी भाषा बोलते थे, मैंने उनका इलाज बांध रखा है, अब कोई नहीं बोलता।

हरियाणा में युवाओं ने बदलाव का मन बनाया

अभय चौटाला ने दावा किया कि नूंह रैली के बाद हरियाणा में युवाओं ने बदलाव का मन बना लिया है। क्योंकि इनेलो ने अपनी सरकार में युवाओं को रोजगार व बेरोजगारी भत्ता दिया। पर आज लोग व खासकर युवा महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था से दुखी हैं। किसान फसलों की खरीद ना होने व उचित दाम ना मिलने से परेशान हैं।