• रोहतक आएंगे सौरव दास और आशुतोष रांका, युवाओं को जोड़ने की तैयारी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने हरियाणा में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नूंह के बाद अब संगठन की राष्ट्रीय टीम रोहतक पहुंच रही है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास, राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान और संगठन को-इंचार्ज दीपक बालियान सोमवार को सर छोटूराम धर्मशाला में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक करेंगे। सुबह साढ़े 10 बजे होने वाली इस बैठक में 150 से 200 लोगों को बुलाया गया है।

CJP अब हर जिले में जाकर संगठन खड़ा करने और लोगों को जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर सदस्यों को संगठन मजबूत करने के तरीके और लोगों को पार्टी से जोड़ने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

हरियाणा पर विशेष फोकस के पीछे एक वजह दिल्ली से इसकी नजदीकी भी मानी जा रही है। पार्टी का मानना है कि दिल्ली में किसी मुद्दे पर आंदोलन या प्रदर्शन के लिए कॉल देने पर हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में प्रदेश में संगठन मजबूत करके दिल्ली में बड़े आंदोलनों के लिए भी आधार तैयार किया जा सकता है।

शिक्षा के मुद्दे पर युवाओं को जोड़ने की तैयारी

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने बताया कि रोहतक की बैठक में शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। पहले नीट पेपर लीक मामले में आंदोलन खड़ा किया गया था, जिसके बाद शिक्षामंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। इसी तरह शिक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर युवाओं को एकजुट करने पर जोर दिया जाएगा। हरियाणा के स्कूलों की स्थिति सुधारने को लेकर भी चर्चा होगी।

वोट चोरी और SIR का मुद्दा भी उठाएंगे

सुधीर सांगवान ने बताया कि बैठक में वोट चोरी के मुद्दे पर भी बात होगी। उनका कहना है कि SIR के माध्यम से युवाओं को वोट के अधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मुद्दे को युवाओं तक पहुंचाने और संगठन के जरिए उन्हें जागरूक करने पर चर्चा होगी। साथ ही सदस्यों को संगठन मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

नेशनल टीम में हरियाणा के 8 लोगों को जगह

CJP की नेशनल टीम में हरियाणा के 8 लोगों को शामिल किया गया है। इनमें झज्जर से चंद्रमोहन शर्मा, फतेहाबाद से रोशन कुलरिया, करनाल से हर्षिल मनचंदा, भिवानी से संदीप खरकिया, नूंह से मुब्बासिर और सिरसा से शिल्पा शामिल हैं।

इसके अलावा चरखी दादरी के सुधीर सांगवान को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। झज्जर के विवेक सांगवान को नॉर्थ जोन का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। अजय देशवाल नॉर्थ जोन कोऑर्डिनेटर कमेटी के सदस्य हैं। उन्हें हरियाणा संगठन का प्रभारी भी बनाया गया है।

दिल्ली से नजदीकी के चलते हरियाणा पर नजर

CJP के हरियाणा में संगठन विस्तार के पीछे दिल्ली से प्रदेश की भौगोलिक नजदीकी को अहम वजह माना जा रहा है। दिल्ली में किसी मुद्दे को लेकर आंदोलन या प्रदर्शन की कॉल दी जाती है तो उसमें हरियाणा के लोगों की भागीदारी अधिक रहती है। ऐसे में पार्टी प्रदेश के हर जिले में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को जोड़ने के साथ दिल्ली में होने वाले बड़े आंदोलनों के लिए भी समर्थन जुटाया जा सके।