- पूर्व डिप्टी सीएम को घेरा, बोले- गठबंधन में 11 विभाग मिले थे
पानीपत में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के दौरे के दौरान विकास कार्यों और सरकार पर लगाए गए आरोपों के बाद सोमवार को विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता कर जवाब दिया। मंत्री ने दुष्यंत के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी भी मुद्दे पर बयान देने से पहले तथ्यों की जानकारी लेनी चाहिए। उन्होंने पानीपत-सफीदों-जींद रोड, इसराना में प्रस्तावित ताऊ देवी लाल मॉडल कॉलोनी की जमीन और वोट चोरी के आरोपों को लेकर अपना पक्ष रखा। पत्रकार वार्ता में इसराना के सरपंच राजेश भी उनके साथ मौजूद रहे।
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा
वोट चोरी के आरोपों पर पंवार ने कहा कि कांग्रेस भाजपा पर चुनाव में वोट चोरी करने के आरोप लगाती है, जबकि लोकसभा चुनाव के आंकड़े कुछ और बताते हैं। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 52 सीटें मिली थीं, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 99 हो गई। मंत्री ने तर्क दिया कि यदि भाजपा वोट चोरी कर रही होती तो कांग्रेस की सीटें बढ़ने के बजाय घटतीं। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया।
दुष्यंत को याद दिलाए गठबंधन के 11 विभाग
पंवार ने दुष्यंत चौटाला के विकास संबंधी दावों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दुष्यंत खुद को विकास पुरुष बताते हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में जनता ने उनके काम का आकलन कर दिया। गठबंधन सरकार के दौरान दुष्यंत के पास 11 विभाग थे। उन्हें बताना चाहिए कि इन विभागों में उन्होंने क्या काम करवाए। मंत्री ने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाना उचित नहीं है और दुष्यंत की बयानबाजी वास्तविक तथ्यों से परे है।
184.40 करोड़ की सड़क परियोजना, 40 प्रतिशत काम पूरा होने का दावा
पानीपत-सफीदों-जींद रोड पर एक इंच भी रोड़ी नहीं डाले जाने संबंधी दुष्यंत के बयान पर पंवार ने परियोजना के आंकड़े और कागजात दिखाए। उन्होंने कहा कि सड़क के फोरलेन निर्माण के लिए 184.40 करोड़ रुपये की मंजूरी भेजी गई थी। करीब 67 किलोमीटर के मार्ग से जुड़ी इस परियोजना पर काम चल रहा है और अब तक 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर सरकार ने बजट और प्रक्रिया के स्तर पर काम किया है।
इसराना की 48.5 एकड़ जमीन पर जीरी लगाने के आरोप का जवाब
इसराना में प्रस्तावित ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स की जमीन पर धान की फसल लगाए जाने के दुष्यंत के बयान पर मंत्री ने जमीन का पूरा घटनाक्रम बताया। पंवार के अनुसार, मॉडल कॉलोनी के लिए करीब 48.5 एकड़ जमीन ली गई थी, लेकिन ग्रामीण जमीन देने के पक्ष में नहीं थे। इसको लेकर विरोध और विवाद भी हुआ। उन्होंने कहा कि यह जमीन औद्योगिक क्षेत्र में आती है, जहां रिहायशी कॉलोनी विकसित करना संभव नहीं था।
मंत्री ने दावा किया कि ग्रामीणों के अनुरोध पर जमीन ग्राम पंचायत को वापस कर दी गई और सरकार को 13 करोड़ 97 लाख रुपये ब्याज सहित लौटाए गए। इसके बाद ग्राम पंचायत ने खुली बोली के माध्यम से जमीन दो साल के लिए करीब 11 लाख 33 हजार रुपये सालाना के हिसाब से ठेके पर दी। पंवार के मुताबिक, किसानों ने ठेके पर जमीन लेकर धान की फसल लगाई है और उनका पंजीकरण मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर भी दर्ज है।
