- पूर्व सांसद बृजेंद्र ने बैलेट पेपर मुद्दा उठाया
जींद जिले के उचाना क्षेत्र स्थित छात्तर गांव में आयोजित ‘वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ चौपाल कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौ. बीरेंद्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों और कार्यप्रणाली पर कड़ा हमला बोला।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के मन में गरीबों और किसानों के प्रति कोई दया नहीं है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह भी मुख्य रूप से शामिल हुए, जहां कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
जिस दिन वोट की ताकत चली गई, गुलामी फिर आएगी
चौपाल को संबोधित करते हुए चौ. बीरेंद्र सिंह ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि देश लंबे समय तक गुलामी झेलने के बाद महात्मा गांधी के नेतृत्व में आजाद हुआ, लेकिन आज फिर से आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों को खोने का डर बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है और किसानों की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम दामों पर खरीदा गया है।
चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज लड़ाई चुनाव में किसी एक व्यक्ति की हार या जीत की नहीं है, बल्कि यह तय करने की है कि भविष्य में निष्पक्ष चुनाव और मतदान होगा या नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल जात-पात और धर्म की राजनीति के सहारे सत्ता में टिकी हुई है। यदि जनता एकजुट होकर इनका मुकाबला करे, तो 2029 के चुनाव से पहले ही यह सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी।
राहुल गांधी की तारीफ की, स्व. राजीव गांधी से जुड़ा किस्सा साझा किया
कांग्रेस नेतृत्व की सराहना करते हुए चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज देश के गरीब, युवा, किसान और मजदूर की लड़ाई राहुल गांधी पूरी मजबूती से लड़ रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी उनके नेता थे और वे खुले मंचों से उनकी तारीफ किया करते थे, लेकिन गुरुग्राम में सद्भाव यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बृजेंद्र सिंह की जैसी प्रशंसा की, वैसी तारीफ कभी राजीव गांधी ने भी उनके लिए नहीं की थी।
बैलेट पेपर, अर्थव्यवस्था और विदेश नीति पर पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के आरोप
कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर भाजपा के बयानों का जवाब देते हुए कहा कि राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत बैलेट पेपर के माध्यम से हुई है, जिससे भाजपा के दावों की पोल खुल रही है।
अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि चार दिन पहले जब राहुल गांधी ने देश की अर्थव्यवस्था के कमजोर होने की बात कही थी, तो भाजपा नेताओं ने उन पर सवाल उठाए थे। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उद्योगपतियों के सामने यह स्वीकार किया है कि तीन गुना मुनाफा बढ़ने के बावजूद न तो रोजगार पैदा हुए और न ही वेतन या निवेश में अपेक्षित बढ़ोतरी हुई।
इसके अतिरिक्त, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा किए जाने के संदर्भ में बृजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि इस तरह की तारीफ और बधाइयों के लिए बाकायदा पीआर एजेंसियां हायर की जाती हैं। उन्होंने कहा कि तीसरी बार लगातार सत्ता में होने के बावजूद सरकार हर मुद्दे पर कांग्रेस या नेहरू को दोष देने के बजाय अपने काम का जवाब देने में विफल साबित हो रही है।
