• झज्जर में मंत्री अरविंद शर्मा बोले- उनके लिए कुछ अच्छा किया होगा

झज्जर में हरियाणा के जेल एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब में सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा का जिक्र होने पर ऐसा बयान दिया है, जिससे राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दैनिक भास्कर की ओर से पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी के लिए सैलजा ने कुछ अच्छा किया होगा, इसलिए उनका जिक्र किया गया है।

अरविंद शर्मा के इस बयान को राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है। इसे कुमारी सैलजा के राजनीतिक विरोधियों पर तंज के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि, मंत्री ने अपने बयान में किसी का नाम लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।

गौरतलब है कि सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन के बाद हरियाणा की राजनीति में उसमें कुमारी सैलजा का जिक्र होने की चर्चा हो रही है। हरियाणा से सैलजा का नाम सामने आने को लेकर भी राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं।

भिंडावास झील के विकास के लिए प्रयासरत

पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। एशिया की सबसे बड़ी झीलों में शामिल भिंडावास झील के सुधार और विकास को लेकर दैनिक भास्कर के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी इसके लिए काफी प्रयास किए थे। वर्तमान सरकार भी झील के विकास और सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास झील को बेहतर बनाना है, ताकि यहां आने वाले लोगों को अधिक सुविधाएं मिल सकें और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिले। झील के विकास से क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।