- कहा- 1 दिसंबर को शाहाबाद शुगर मिल पर धरना देगी कांग्रेस
थानेसर से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने गेस्ट टीचरों की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने सरकार से गेस्ट टीचर्स को तुरंत पक्का करने की मांग की है। उन्होंने संविधान दिवस पर विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री के सामने यह मुद्दा उठाया।
अशोक अरोड़ा ने कहा कि सरकार संविधान दिवस तो मना रही है, लेकिन दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद भी गेस्ट टीचरों को पक्का नहीं किया जा रहा। बता दें 29 नवंबर को टीचर्स ने CM आवास को घरने का ऐलान किया है।
बोले- टीचर्स की मांगें माननी चाहिएं
उन्होंने कहा कि सरकार को अदालतों के आदेशों का पालन करना चाहिए और गेस्ट टीचरों की मांग तुरंत माननी चाहिए। जब अदालतें कर्मचारियों को पक्का करने के निर्देश दे चुकी हैं तो सरकार को इसमें देरी नहीं करनी चाहिए।
जमीन के नीचे का पानी दूषित, कैंसर के मरीज बढ़ रहे
कुरुक्षेत्र में अपने आवास पर आज पूर्व मंत्री अरोड़ा ने कहा कि विधानसभा में दूषित होते भूजल का मुद्दा भी उठाया। पूरे प्रदेश में जमीन के नीचे का पानी लगातार दूषित होता जा रहा है।
इसका असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सरकार को जहां तक संभव हो, लोगों को पीने के लिए नहरी पानी उपलब्ध कराना चाहिए। खास तौर पर अपने क्षेत्र का जिक्र किया।
बोले- बढ़ रहे कैंसर के मरीज
अरोड़ा ने कहा कि उनके ऐरिया में कैंसर और किडनी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। हालांकि मुख्यमंत्री ने इस संबंध में प्रपोजल तैयार करने की बात कही है। साथ ही जल्द ही पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने का आश्चासन दिया।
गन्ना रेट पर बोले- किसानों से मजाक कर रही सरकार
अरोड़ा ने कहा कि पूरे प्रदेश में गन्ना किसान आंदोलन कर रहे हैं। आज हालात ऐसे हैं कि किसान शुगर मिलों में गन्ना नहीं डाल रहे। गन्ने की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। मजदूरी, खाद और दवाइयों के रेट बढ़ गए हैं।
लेकिन सरकार ने गन्ने के रेट में सिर्फ 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। यह किसानों के साथ मजाक है। दूसरी तरफ चीनी का रेट भी बढ़ा है और खेती की लागत बढ़ने के कारण गन्ने का रकबा घट रहा है।
एक दिसंबर को देंगे मिल के बाहर धरना
उन्होंने कहा कि सरकार को गन्ना किसानों को बचाने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिएं। सरकार दावा कर रही है कि हरियाणा में देश में सबसे ज्यादा गन्ने का रेट दिया जा रहा है, जबकि पंजाब में आज गन्ने का रेट हरियाणा से ज्यादा है।
अरोड़ा ने कहा- गन्ना किसानों के समर्थन में कांग्रेस 1 दिसंबर को शाहाबाद शुगर मिल के सामने धरना देगी। यह सांकेतिक धरना होगा। अगर सरकार ने गन्ना किसानों की मांगों पर फैसला नहीं लिया तो कांग्रेस आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी।
गैंगस्टर मांग रहे फिरौती
अरोड़ा ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। प्रदेश में कई गैंग सक्रिय हैं और लोगों से फिरौती मांगी जा रही है। आए दिन गैंगवार की घटनाएं सामने आ रही हैं।
एक दिन पहले रोहतक में भी गैंगवार हुआ, जिसमें एक निर्दोष युवक की जान चली गई। जब प्रदेश में लोग सुरक्षित नहीं हैं तो सरकार के कानून व्यवस्था ठीक होने के दावों पर सवाल उठना लाजिमी है।
