हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने आज अम्बाला के उन युवाओं को आर्शीवाद दिया जोकि सरकारी विभागों में भर्ती हुए हैं।
उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “यह बच्चे बिना पर्ची, बिना खर्ची के भर्ती हुए हैं, विपक्ष के राज के तो नौकरियां बिकती थी और तबादले होते थे हमने इन सब पर रोक लगा दी है। ये गरीब घरों के बच्चे भर्ती हुए है, जो आज तक किसी विधायक या सांसद के दरवाजे तक नहीं जा सके। यह बिना पर्ची व बिना खर्ची के हरियाणा सरकार में भर्ती हुए हैं, इसके अलावा और भी बहुत सारे बच्चे भर्ती हुए हैं”।
गौरतलब है कि अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लगभग आठ युवा शिक्षा, बिजली निगम, राजस्व एवं अन्य सरकारी विभागों में भर्ती हुए हैं। यह सभी युवा छावनी के आईसीएस कोचिंग सेंटर के विद्यार्थी है जोकि मंत्री अनिल विज से ज्वाइनिंग से पहले आर्शीवाद लेने के लिए पहुंचे थे।
कोचिंग सेंटर संचालक एवं भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विकास बहगल ने बताया कि अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र से लगभग 50 बच्चे ऐसे है जोकि बीते कुछ समय में बिना पर्ची बिना खर्ची सरकारी सेवाओं में भर्ती हुए हैं। इस अवसर पर मौजूद भाजपा नेताओं व अन्य ने सभी युवाओं को शुभकामनाएं दी।