- हिसार में केंद्रीय मंत्री का राहुल गांधी पर तंज
केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश दुबे ने रविवार को हिसार स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्र सरकार के बजट को जनहितैषी बताया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सदन में सवाल तो उठाते हैं, लेकिन जवाब सुनने की क्षमता नहीं रखते।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य बहस से ज्यादा हंगामा करना है। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण और गृह मंत्री के जवाब के दौरान विपक्ष के व्यवहार को भी असंवैधानिक करार दिया। दुबे ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या लोकतंत्र में केवल ‘राजा का बेटा’ ही आगे बढ़ सकता है, गरीब का बेटा नहीं?
जहां विपक्ष हारता है, वहां ईवीएम खराब हो जाती है
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर उठाए जा रहे सवालों पर सतीश दुबे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पहली बार नहीं हो रही है। दुबे ने आरोप लगाया कि जहां विपक्ष जीतता है, वहां ईवीएम को ठीक बताया जाता है और जहां हारता है, वहां उसे खराब बताया जाता है।
उन्होंने ममता बनर्जी पर अपने पारंपरिक वोटरों पर भरोसा न होने और रोहिंग्या तथा बांग्लादेशी घुसपैठियों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और सरकार उसमें हस्तक्षेप नहीं करती।
भाजपा राज में पूरा पैसा जमीन पर पहुंचता है
केंद्रीय मंत्री ने दलहन में आत्मनिर्भरता, डिजिटल किसान और किसान सम्मान निधि का उल्लेख किया। मनरेगा में कार्यदिवस बढ़ाने और स्थायी निर्माण कार्य जोड़ने को उन्होंने ग्रामीण विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
कहा कि 2014 से पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने स्वीकार किया था कि दिल्ली से भेजा गया एक रुपया पूरा लाभार्थी तक नहीं पहुंचता था। मोदी सरकार ने जनधन योजना और डिजिटल इंडिया के माध्यम से इस व्यवस्था को बदल दिया है। अब सब्सिडी और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित होती है।
