- हरियाणा सीएम ने पशु मेले में की ऊंट की सवारी, गाय को गुड़ खिलाया
मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र में चल रहे 41वें राज्य स्तरीय पशुधन मेले के समापन कार्यक्रम में पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने ऊंट पर सवारी की और पूरा मेला देखा। उनके साथ कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और सांसद नवीन जिंदल भी मौजूद रहे। मेले में मुख्यमंत्री ने गाय को गुड़ खिलाया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्से से आए पशुपालकों के साथ बातचीत की। मुख्यमंत्री के सामने ऊंट, गाय, भैंस, घोड़े और बकरियों ने रैंप पर कैटवॉक करके दिखाया। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए पशुपालकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने इस मेले को ग्रामीण संस्कृति, पशुधन परंपरा और आत्मनिर्भर भारत का जीवंत प्रमाण बताया।
पंजाब को लेकर AAP पर सवाल
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने वहां लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाए। लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। पंजाब की जनता अब कह रही है कि आम आदमी पार्टी से कब पीछा छूटेगा। आरोप लगाया कि पंजाब में भ्रष्टाचार बढ़ गया है और बिना सेवा के फाइलों पर साइन तक नहीं होते। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब है।
HPSC विवाद पर हुड्डा को जवाब
हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल को प्रदेश की जनता अच्छे से जानती है। हाईकोर्ट ने उस समय क्या टिप्पणियां की थीं, यह सबके सामने है।
इंस्पेक्टर के परिजन को नौकरी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फरीदाबाद के सूरजकुंड मेले में हुए हादसे को लेकर बड़ा ऐलान किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हादसे में लोगों की जान बचाते हुए शहीद हुए इंस्पेक्टर के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता भी देंगे।
घायलों को एक-एक लाख की मदद
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है। साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायलों के इलाज पर होने वाला पूरा भी खर्च सरकार वहन करेगी और इलाज पूरी तरह मुफ्त रहेगा।
नौकरी बिकती थी कांग्रेस के राज में
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राज में नौकरियां बिकती थीं। लोगों को अपने बच्चों की नौकरी के लिए जमीन तक बेचनी पड़ती थी। मां-बाप को गहने गिरवी रखने पड़ते थे और कर्ज लेना पड़ता था। इसके बावजूद नौकरी नहीं मिलती थी। कांग्रेस भ्रष्टाचार की दलदल में फंसी हुई पार्टी है और युवाओं का उससे विश्वास पूरी तरह उठ चुका है
