- पटौदी सीट से चुनाव लड़ चुकी पर्ल चौधरी, पेशे से वकील, कई बडे़ नेता रहेंगे मौजूद
हरियाणा में कांग्रेस संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी आज (रविवार को) औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभालेंगी। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, राव नरेंद्र सिंह और अलका लांबा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
पर्ल चौधरी की नियुक्ति का आदेश कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी किया गया था। इससे पहले इस पद पर सुधा भारद्वाज कार्यरत थीं। उन्हें अभी पंचकूला नगर निगम सीट से कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।
पटौदी सीट से लड़ चुकी चुनाव
पर्ल चौधरी ने 2014 के विधानसभा चुनाव में पटौदी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें भाजपा की उम्मीदवार बिमला चौधरी से हार का सामना करना पड़ा था। उनके पिता स्वर्गीय भूपिंदर चौधरी वर्ष 2005 में इसी सीट से कांग्रेस विधायक रहे थे।
अपनी नियुक्ति के बाद पर्ल चौधरी ने कहा कि वह प्रदेश की महिलाओं की आवाज बनकर काम करेंगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का प्रयास करेंगी।
पेशे से वकील हैं पर्ल चौधरी
पर्ल चौधरी का जन्म 18 फरवरी 1976 को हुआ। वह पेशे से वकील हैं और पटौदी क्षेत्र से ही संबंध रखती हैं। उन्हें भूपेन्द्र सिंह हुड्डा खेमे के करीब माना जाता है। उनके पति परमेश रंजन सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली से पढ़ाई की है। दंपती की दो बेटियां हैं, जो अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
