हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर दिए गए बयान को लेकर राजनीति गरमा गई है। केन्द्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रेखा शर्मा पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि कोई नेता हो उसको भाषा पर संयम हर किसी को रखना चाहिए। किसी को भी अपने बड़े नेता के लिए छोटी भाषा का इस्तेमाल नही करना चाहिए।
बोलने से पहले सोचना चाहिए
गुर्जर ने कहा कि चौधरी भजनलाल और बंसीलाल लंबे समय तक सीएम रहे। चौ देवीलाल, ओमप्रकाश चौटाला, मनोहर लाल खट्टर, भूपेन्द्र सिंह हुड्डा सभी ने प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया है। ये सभी हमारे हरियाण की शान है। इन सभी ने हरियाणा के विकास में अपना योगदान दिया है, इसलिए ऐसे बड़े लोगों के खिलाफ बोलने से पहले किसी को भी एक बार सोचना चाहिए।
जो लोग इस दुनिया से चले गए है, उनके लिए अच्छे शब्दों का प्रयोग होना चाहिए।
सभी का विकास में योगदान
हरियाणा में भाजपा की सरकार बनाने में कुलदीप बिश्नोई का बहुत बड़ा सहयोग रहा है। गुर्जर ने कहा कि वो हमेशा इस पक्ष मे रहे है कि चाहे किसी भी पार्टी का नेता या कार्यकर्ता हो, उसको बड़े नेताओं के खिलाफ छोटी बात नही करनी चाहिए। हमेशा सभी को अच्छे शब्दों का प्रयोग करना चाहिए। बड़े नेता को जी लगाने में अच्छा बोलने में किसी का क्या घट जाता है। इससे आदमी का खुद का ही वजन बढ़ता है।
राजनीति में मतभेद होते है मनभेद नहीं
गुर्जर ने कहा कि राजनीति में मतभेद होते है लेकिन मनभेद नही होना चाहिए। हम सब मिलकर हरियाणा के विकास के लिए काम करें। किसी के भी योगदान को हम कम करके नही देख सकते है। सभी ने अपनी योग्यता और क्षमता के अनुसार हरियाणा को आगे बढ़ाया है।
रेखा शर्मा का विवादित बयान
24 अप्रैल को पंचकूला में भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल ने नामांकन दाखिल किया था। रेखा शर्मा ने मंच से कहा, “आपसे एक निवेदन है कि आप खुद तो वोट डाले, अपने आसपास के लोगों से भी इतने वोट डलवाएं कि पंचकूला में हिस्ट्री बन जाए और श्यामलाल बंसल से ज्यादा वोट किसी को न मिले।
श्यामलाल बंसल ने वो समय भी देखा है, जब यहां पर कांग्रेस की बदमाशी थी। जब यहां भजनलाल की और चंद्रमोहन की बदमाशी थी। पूरी तरह बदमाशी करके ये इलेक्शन जीते थे।” भजनलाल का नाम लेने से पहले रेखा बंसीलाल भी बोल रही थी, लेकिन वह बीच में ही रुक गईं।
