• जनसभा को करेंगे संबोधित, प्रदेशाध्यक्ष आज सौंपे ड्यूटियां

कांग्रेस में वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा प्रदेश भर में निकाली जा रही ‘सद्भाव यात्रा’ अपने अंतिम पड़ाव में है। कल यानि 8 मई को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस यात्रा में शामिल होने के लिए गुरुग्राम पहुंचेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए आज कमान सराय स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र और प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक लेकर ड्यूटियां लगाएंगे। इससे पहले दोपहर में बृजेंद्र सिंह भी कार्यकर्ताओं से मीटिंग करेंगे और कॉन्फ्रेंस करके राहुल गांधी के दौरान की डिटेल्स शेयर करेंगे।

ये शेड्यूल तय किया

रुरल जिलाध्यक्ष वर्धन राव ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी कल शाम चार बजे दिल्ली से रवाना होंगे और करीब पांच बजे गुरुग्राम पहुंचेंगे। वे अपनी यात्रा की शुरुआत ऐतिहासिक खांडसा चौक से करेंगे, जहां से वे बृजेंद्र सिंह के साथ लगभग एक किलोमीटर पैदल चलकर पदयात्रा करेंगे।

उन्होंने बताया कि पदयात्रा के समापन पर राहुल गांधी एसडी स्कूल के पास एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वे प्रदेश के वर्तमान मुद्दों और सामाजिक सद्भाव पर अपनी बात रखेंगे।

सुरक्षा टीम आज पहुंचेगी गुरुग्राम

वर्धन राव ने बताया कि बुधवार रात को राहुल गांधी का दौरा फाइनल हो गया है। आज शाम उनकी सुरक्षा टीम भी गुरुग्राम पहुंचकर पूरे रूट का निरीक्षण करेगी। इस आयोजन से पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।

अभी तक कांग्रेस नेताओं की दूरी

बृजेंद्र सिंह ने यह यात्रा अक्टूबर 2025 में शुरू की थी और अब तक वे प्रदेश की 90 में से 81 विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर चुके हैं। इस दौरान बड़े कांग्रेस नेताओं ने इस यात्रा से अपनी दूरी बनाई थी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके खेमे ने इसे बृजेंद्र सिंह की निजी यात्रा बताकर इससे दूरी बनाए रखी थी।

ऐसे में यात्रा के अंतिम दौर में राहुल गांधी की इस यात्रा में भागीदारी से न केवल बृजेंद्र सिंह का कद बढ़ेगा, बल्कि इसे पार्टी के भीतर एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। राहुल गांधी का साउथ हरियाणा पहुंचा न केवल बृजेंद्र सिंह के लिए एक बड़ा बूस्ट हो सकता है, बल्कि हुड्डा गुट के लिए एक मूक संदेश माना जा रहा है कि आलाकमान राज्य के अन्य नेताओं के प्रयासों को भी पूरी अहमियत दे रहा है।