• चेयरपर्सन प्रत्याशी की सभा में कहा- रेवाड़ी में कोई कुंवारा नहीं रहेगा
  • मंत्री आरती राव ने भी ली चुटकी

हरियाणा में BJP की विधायक बिमला चौधरी रेवाड़ी में नगर परिषद चुनाव में ‘वोट दो और शादी करवाओ’ का अनोखा वादा करके चर्चा में आ गईं। चेयरपर्सन पद की भाजपा उम्मीदवार विनीता पीपल के समर्थन में जनसभा के दौरान विधायक ने ये वादा किया।

मंच पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी मौजूद थीं। इस दौरान पटौदी विधायक बिमला चौधरी ने कहा- मेरी माताओ-बहनों, आप विनीता को जिताकर भेजो। शहर के विकास की जिम्मेदारी हमारी है। और तो और, आज मैं इस मंच से एक और वादा करती हूं, जिन युवाओं की शादियां नहीं हो रही हैं, जो कुंवारे बैठे हैं, उनकी शादी कराने का जिम्मा भी मेरा है, आप बस आशीर्वाद दीजिए।

विधायक के इतना कहते ही जनसभा में मौजूद हर शख्स ठहाके मारकर हंसने लगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी विधायक के इस बयान की चुटकी ली।

बता दें कि हरियाणा में निकाय चुनाव के लिए 10 मई को वोट डाले जाएंगे और 13 मई को नतीजे घोषित होंगे। इस दौरान पंचकूला, सोनीपत व अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद और उकलाना, सांपला व धारूहेड़ा नगर पालिका में वोट डाले जाएंगे।

विधायक विमला चौधरी ने जनसभा में कहीं ये बातें…

हमारी चेयरपर्सन बनेंगाी तो शादी करवा देंगी
रेवाड़ी के गोल चक्कर पर हुई इस जनसभा के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक विमला चौधरी ने कहा कि मैं पलवल की बेटी हूं। पलवल में हमने रेवाड़ी, रामपुरा, बिजलीघर के युवाओं की शादी कराई है। अब कोई कुंवारा नहीं रहेगा। पहले वोट करो, फिर अपनी शादी करवाओ।

मैंने अपना समझकर वोट मांगी है
मीडिया कर्मियों के एक सवाल का जवाब देते हुए विमला ने कहा कि चेयरपर्सन तो हमारी जीतेगी ही, लेकिन युवाओं की शादी भी होगी। मैंने 36 बिरादरी से वोट मांगी है, हमने यहां लड़कों की शादी कराई हैं। मैंने अपना समझकर वोट मांगी हैं, पलवल में कई शादियां कराई हैं।

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी ली चुटकी
जनसभा में मौजूद स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी विधायक के बयान पर चुटकी लेते कहा- आज तो बिमला चौधरी जी ने गजब ही कर दिया। विकास की बात तो ठीक थी, लेकिन अब तो लगता है कि बिमला जी ने रेवाड़ी में ‘मैरिज ब्यूरो’ ही खोल दिया है, वे अपना वादा पूरा भी करेंगी।

पहली बार शपथपत्र में अनपढ़ बताया, अगली बार 10वीं पास

बिमला चौधरी पटौदी एससी रिजर्व सीट से दूसरी बार BJP विधायक बनी हैं। पहली बार साल 2014 में विधायक बनीं। तब नामांकन के साथ दिए शपथपत्र में खुद को अनपढ़ बताया था। 2019 में पार्टी ने इन्हें टिकट नहीं दिया। साल 2024 में दोबारा मैदान में उतारा। तब इन्होंने नामांकन पत्र में खुद के 10वीं पास बताया। इन्होंने खुद को 2018 में नेशनल ओपन स्कूल से मैट्रिक दिखाया। इस बार के चुनाव में कांग्रेस की पर्ल चौधरी को हराया था।

धनखड़ भी दे चुके-कुंवारों की शादी कराने का बयान

इससे पहले BJP नेता ओमप्रकाश धनखड़ भी ऐसे ही बयान को लेकर सुर्खियों में रहे थे। तब उन्होंने कहा था-अगर हरियाणा में बीजेपी की सरकार आती है, तो राज्य का कोई भी नौजवान कुंवारा नहीं रहेगा और वह बिहार से लड़कियां लाकर उनकी शादी रचाएंगे। साल 2014 में उस वक्त भाजपा पहली बार हरियाणा की सत्ता में आने के लिए संघर्ष कर रही थी।

तब प्रदेश के इतिहास में पहली बार भाजपा को बहुमत मिला। हरियाणा से बिहार तक विवाद बढ़ने पर धनखड़ को सफाई देनी पड़ी थी कि उनकी मंशा सम्मानित तरीके से शादी और उन्हें सुरक्षा देने को लेकर था, जिसे गलत तरीके से पेश किया।