• बोले-पाकिस्तानी करेंसी से भी नीचे गिरा रुपया

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में पहुंचे रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज देश के हालात ऐसे बना दिए गए हैं कि इतिहास में सबसे ज्यादा बेरोजगारी देखने को मिल रही है। सोना-चांदी से लेकर रसोई गैस, डीजल-पेट्रोल तक हर चीज आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल पर भी चुटकी ली।

दीपेंद्र हुड्डा आज शाहाबाद में आयोजित संत सम्मेलन में पहुंचे थे। सांसद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को सपने में हुड्डा साहब की चुनौती खत्म होना दिख रहा है। आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार तो वोट चोरी करके छोटे मार्जिन से सरकार बना गए। आगे प्रदेश की जनता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में उनकी सरकार बनाएगी।

पाकिस्तान करेंसी से नीचे गिरा रुपया

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में 75 प्रतिशत लोगों को बीपीएल श्रेणी में घोषित कर दिया गया था, जबकि केंद्र सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देने की योजना को अपनी उपलब्धि बता रही है। असली उपलब्धि तब होती जब इन परिवारों को रोजगार मिलता और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती।

आज भारतीय रुपया पाकिस्तान और अफगानिस्तान की मुद्रा के मुकाबले भी कमजोर हुआ है। प्रधानमंत्री को ठंडे-ठंडे देशों के दौरों की बजाय देश के अंदर बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा व्यवस्था का समाधान करना चाहिए।

पेपर लीक से स्टूडेंट डिप्रेशन में

दीपेंद्र हुड्डा ने NEET पेपर लीक के मामले भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हर साल पेपर लीक होने से स्टूडेंट्स डिप्रेशन में जा रहे हैं। वे छात्रों की मानसिक स्थिति को समझ सकते हैं। आरोप लगाया कि भाजपा के संरक्षण में बैठे लोग ही पेपर लीक करा रहे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री को अपनी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

सरकार करे मंथन

हुड्डा ने कहा कि यदि सरकार परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से नहीं करा पा रही तो जवाबदेही तय होनी चाहिए। कांग्रेस सरकारों के समय जेईई, पीएमटी और आईआईटी जैसी परीक्षाओं के पेपर कभी लीक नहीं होते थे, लेकिन पिछले 12 वर्षों में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। इस पर गंभीर मंथन की जरूरत है।