- आदमपुर में 57 साल बाद भजनलाल परिवार को हराया था
हरियाणा विधानसभा चुनाव में आदमपुर सीट से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले कांग्रेस विधायक चंद्र प्रकाश को पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने चंद्र प्रकाश को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग का नया स्टेट चेयरमैन नियुक्त किया है।
कांग्रेस आलाकमान की मंजूरी के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को कांग्रेस द्वारा आगामी सांगठनिक फेरबदल और राज्य के ओबीसी वोट बैंक को साधने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
चंद्र प्रकाश को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बेहद करीबी माना जाता है। ऐसे में संगठन के एक महत्वपूर्ण विभाग की कमान उनके हाथ में आने से हुड्डा खेमे को और मजबूती मिली है।
पूर्व IAS ने भजनलाल का 57 साल पुराना गढ़ हिलाया
रिटायर्ड IAS अधिकारी चंद्रप्रकाश ने विधानसभा चुनाव में आदमपुर से जीत हासिल की थी। उन्होंने चौधरी भजनलाल के 57 साल पुराने गढ़ को हिलाया। चंद्रप्रकाश ने कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को 1268 वोटों से हरा दिया।
आदमपुर में जाट और OBC वोटर निर्णायक
आदमपुर विधानसभा सीट पर करीब 1.78 लाख वोटर हैं। इनमें पुरुष मतदाता 94 हजार 940 और महिला मतदाता 93 हजार 708 हैं। इस सीट पर जाट और OBC वोटर निर्णायक भूमिका में रहते हैं। आदमपुर में सबसे ज्यादा करीब 55 हजार जाट वोटर हैं।
बिश्नोई समाज के 28 हजार वोट हैं। OBC में बिश्नोई समाज के वोट हटाकर देखें तो करीब 29 हजार वोट हैं। इनमें सबसे ज्यादा 8200 जांगड़ा और कुम्हार जाति के वोटर हैं। कांग्रेस के इस फैसले से चंद्रप्रकाश का कद बढ़ेगा।
