- 11 शिकायतों की करेंगे सुनवाई
फतेहाबाद में हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के सामने उन्हीं की पार्टी के नेता भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे। मंत्री बेदी कल (शनिवार को) फतेहाबाद के डीपीआरसी हॉल में ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग लेंगे। इस मीटिंग में रतिया मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन कुलवंत सैनी, रतिया नगर पालिका में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत रखेंगे।
उनकी शिकायत को ग्रीवेंस कमेटी मीटिंग के एजेंडे में शामिल किया गया है। शिकायतकर्ताओं की लिस्ट में 10वां नंबर कुलवंत सैनी का है। मीटिंग में मंत्री के सामने कुल 11 मामले रखे जाएंगे। इनमें से एक पिछली मीटिंग का एजेंडा रखा गया है, जबकि 10 नए एजेंडे शामिल किए गए हैं।
बता दें कि, पहले श्रुति चौधरी फतेहाबाद ग्रीवेंस कमेटी की चेयरपर्सन थी, लेकिन अब मंत्री कृष्ण बेदी को चेयरमैन बनाया गया है। वह बतौर कैबिनेट मंत्री पहली बार फतेहाबाद में ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग लेंगे।
यह शिकायत रखेंगे वाइस चेयरमैन
रतिया मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन कुलवंत सैनी ने शिकायत दी है कि नगर पालिका रतिया के अधिकारी, ठेकेदारों और भूमि माफिया लोगों से मिलकर अवैध जमीन पर, अवैध कॉलोनी में अवैध तरीके से नई सड़कों का निर्माण करवा रहे हैं। जमीन प्राइवेट आदमियों के नाम है और अवैध तरीके से कॉलोनी काटी गई है।
इस बारे में कई बार नगर पालिका के सचिव और जेई को अवगत करवा चुके हैं। मौके का निरीक्षण भी करवा चुके हैं, मगर सब मिलीभगत करके सरकार के पैसों को खुर्द-बुर्द कर रहे हैं। सैनी ने सारे मामले की जांच सीएम फ्लाइंग से करवा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नकली पाइप लगाने का मामला
गांव बड़ोपल के सुंदर सिंह की पहली शिकायत रखी गई है, जिसमें बताया गया है कि गांव में चिंदड़ से बड़ोपल में नकली पाइप लाइन लगाई गई है। जिसमें 2025 में रिकवरी का लेटर भी जारी किया गया लेकिन रिकवरी आज तक ना हुई है और ना ही पाइप लाइन चेंज की गई है।
नई पाइप लाइन बिछाने की मांग
गांव जांडली कलां के संदीप कुमार की शिकायत है कि पिछले दो महीने से उनकी गली में पेयजल सप्लाई सुचारू रूप से नहीं हो रही है। पेयजल सप्लाई की लगभग 22 साल पुरानी पाइप लाइन है। काफी पुरानी और ज्यादा गहरी लाइन होने के कारण सप्लाई नही पहुंच रही। उनकी गली में नई पाइप लाइन नहीं डाली गई।
पति के लिए पत्नी ने मांगा इंसाफ
टोहाना क्षेत्र के गांव गाजूवाला निवासी बबीता रानी ने भी शिकायत लगाई है, जिसमें कुछ लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। इस शिकायत के जरिए उन्होंने पति व बेटी के लिए इंसाफ की मांग की है।
प्राइवेट स्कूल की शिकायत
गांव बनमंदोरी निवासी राकेश कुमार ने अपने गांव में बिना मान्यता स्कूल चलाने को लेकर शिकायत दी है। इसमें आरोप लगाए गए हैं कि तीन-चार साल से स्कूल अवैध तरीके से चल रहा है।
देवर के खिलाफ शिकायत की
गांव भिरडाना निवासी तारो बाई ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत की है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि उसका देवर उसकी जमीन हड़पना चाहता है। उसके परिवार के साथ लड़ाई-झगड़ा भी करता है।
पेंशन नहीं मिलने की शिकायत रखेंगे
गांव नांगल निवासी पहलवान अपनी पत्नी की पेंशन नहीं मिलने की शिकायत रखेंगे। उन्होंने बताया है कि उसकी पत्नी सोमा बाई दिव्यांग पेंशन डाकखाने के माध्यम से ले रही थी। पिछले तीन साल से पेंशन नहीं निकलवाई। हमने मकान बनवाने की सोच कर के पैसे जमा किए, अब पेंशन नहीं निकल रही।
