• रणदीप सुरजेवाला बोले- आर्थिक बोझ में दब रही जनता

जींद जिले के नरवाना शहर में कांग्रेस पार्टी ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला संयुक्त रूप ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता पब्लिक धर्मशाला में एकत्रित हुए, जहां एक सभा का आयोजन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, बिजली और रोजमर्रा की वस्तुओं के बढ़ते दामों से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सर्वाधिक प्रभावित हो रहा है।

सुरजेवाला ने दावा किया कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है, जिससे जनता आर्थिक बोझ तले दबती जा रही है।

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सभा के समापन के बाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पब्लिक धर्मशाला से भगत सिंह चौक तक एक रोष मार्च निकाला। इस दौरान, कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे और महंगाई विरोधी तख्तियां लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रोष मार्च के उपरांत, कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम के माध्यम से सरकार को एक ज्ञापन भेजा।

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दोहराया कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज उठाती रहेगी और अपना आंदोलन जारी रखेगी।