- बोले- ग्रामीणों की मांग जायज, सरकार के समक्ष उठाएंगे मुद्दा
रोहतक में भालौठ सब ब्रांच नहर को पक्का करने के खिलाफ धरने के 9वें दिन ग्रामीणों को समर्थन देने के लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि किसानों की मांग जायज है और इस मामले में सरकार के समक्ष भी मुद्दों को उठाने का काम करेंगे। साथ ही किसानों की हर संभव सहायता की जाएगी।
भालौठ सब ब्रांच नहर को पक्का करने के खिलाफ धरने पर रिठाल, किलोई, धामड़, काहनी, घिलौड़, रुड़की सहित अन्य गांवों के ग्रामीण पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि नहर को पक्का करने से किसानों को पीने का पानी नहीं मिलेगा और भूमिगत जलस्तर भी नीचे चला जाएगा।
किसान नेता बोले- मांगों को हल नहीं कर रहा प्रशासन
किसान नेता प्रीत सिंह ने बताया कि प्रशासन जायज मांगों को हल न कर हठधर्मिता पर उतारू है। भीषण गर्मी के बावजूद लोग दिन रात धरने पर बैठे है, जो सरकार के गांव विरोधी चरित्र को उजागर करता है। पीने के पानी पर सबका बराबर हक है लेकिन अगर ये तली आरसीसी से पक्की हो जाती है तो आने वाले समय में पीने का पानी उपलब्ध नहीं होगा ।
ग्रामीण नहर पर लगे नलकों पर निर्भर
उमेद सिंह ने बताया कि भालौठ सब ब्रांच नहर के किनारे नलके लगा रखे है, जिन पर ग्रामीण पीने के पानी के लिए निर्भर है। अब प्रशासन और सरकार द्वारा नहर को पक्का करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को पीने का पानी भी नसीब नहीं होगा। आसपास भूमिगत मीठे जल के स्त्रोत खत्म हो जाएंगे।
नहर के बेड को कच्चा रखने की मांग
रणधीर सिंह ने बताया कि सरकार दोहरी नीति बनाकर ग्रामीणों को परेशान कर रही है, जिसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। न ही किसी भी कीमत पर नहर को पक्का होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने धरने के माध्यम से नहर के बेड को कच्चा रखने, हर पुल के पास घाट छोड़ने और उसमें ढाल बनाने, दो पुलों के बीच में दोनों तरफ सीढ़ियां बनाने की मांग की।
