- हुड्डा बोले-असली वोट कटे नहीं, नकली बने नहीं
हरियाणा में SIR को ले कांग्रेस अलर्ट हो गई है। करीब 5 घंटे चले बीएलए-1 ट्रेनिंग सेशन में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं को कई मूलमंत्र दिए। सेशन में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीएलए (BLA) कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर में ‘असली वोट कटे नहीं, नकली वोट बने नहीं’ का मूलमंत्र दिया। प्रजातंत्र में असली लड़ाई जमीनी स्तर पर ही लड़ी जाती है।
उन्होंने कहा, लोकतंत्र के लिए खतरनाक साजिशों को नाकाम करने के लिए हमारे BLA-1 कार्यकर्ताओं को पूरी हिम्मत और सावधानी से मैदान में उतरना होगा। याद रखिए, चुनाव का असली आधार यहीं से तय होगा।
हमारे BLA-1 साथियों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है। सजग रहें, हर मतदाता को सचेत करें और पूरी हिम्मत से मैदान में डटे रहें। हम हर लड़ाई में आपके साथ खड़े हैं।
एसआईआर को लेकर जिम्मेदारी तय की
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेशभर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की गई है। जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गईं हैं।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी, लापरवाही या अनियमितता को लेकर पार्टी पूरी सतर्कता बनाए रखेगी।
दिल्ली की टीम ने दी ट्रेनिंग
ट्रेनिंग सेशन में कांग्रेस पार्टी के नेशनल कनेक्ट सेंटर के वाइस चेयरमैन कैप्टन अरविंद तथा उनकी टीम ने बूथ स्तर पर मतदाता सूची के रखरखाव, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड अपडेट करने और ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने बीएलए-1 कार्यकर्ताओं को यह भी बताया कि किस प्रकार घर-घर संपर्क कर वास्तविक मतदाता स्थिति का सत्यापन किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण शिविर में तकनीकी पहलुओं, दस्तावेजी प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन को भी विस्तार से समझाया गया।
मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला होती है और इसकी शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। पार्टी ने भरोसा जताया कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। नेताओं ने पंडित नेहरू के लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती और देश निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।
