- बोले: परशुराम जयंती पर मुंडन करवाकर देंगे श्रद्धांजलि
रोहतक में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर पर कहा कि भाजपा ने राम मंदिर में हुए घोटाले को छुपाने के लिए 28 साल के नौजवान की एनकाउंटर के नाम पर हत्या की है। भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसके बाद उसे गोलियां मारी गई।
नवीन जयहिंद ने कहा कि भाजपा ने राम को भी नहीं छोड़ा। राम मंदिर का चंदा खाने वाले माफिया व गुंडों ने भरत तिवारी को मरवाया। इसमें सीएम की सीधे तौर पर जवाबदेही बनती है, क्योंकि बिना सीएम की परमिशन ने एनकाउंटर नहीं हो सकता। भरत तिवारी गरीब लोगों की आवाज उठा रहा था, जिसे दबाने का काम किया गया है।
28 जून को मुंडन करवाकर देंगे श्रद्धांजलि
नवीन जयहिंद ने कहा कि गांव पहरावर में 28 जून को भगवान परशुराम जयंती कार्यक्रम में मुंडन करवाकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि दी जाएगी। क्योंकि अकेले भरत तिवारी की हत्या नहीं, बल्कि पूरे भारत की हत्या हुई है। भरत तिवारी ने क्रांतिकारियों का नाम लेकर अपने प्राण त्याग दिए है।
सीएम सम्राट चौधरी ने करवाई हत्या
नवीन जयहिंद ने आरोप लगाया कि बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी की हत्या करवाई है, जबकि भरत तिवारी कोई अपराधी नहीं था। वहीं, सीएम सम्राट चौधरी खुद 7 मर्डर केस में जेल की सजा काट चुके है। भरत तिवारी केवल गरीबों की आवाज उठा रहा था, जिसका फर्जी एनकाउंटर करवाया गया।
हरियाणा के 7 आईएएस घोटाले में पकड़े
नवीन जयहिंद ने कहा कि हरियाणा के 7 आईएएस करीब 700 करोड़ रुपए के घोटाला मामले में पकड़े गए है। उनसे पूछना चाहिए कि वह किन नेताओं के जानकार है। इस मामले में सरकार के साथ विपक्ष भी चुप है, इस मामले में कोई भी आवाज नहीं उठा रहा।
भरत तिवारी के पीछे पड़े थे गुंडे
नवीन जयहिंद ने कहा कि भरत तिवारी के पीछे माफिया व गुंडे पड़े हुए थे। पहले कहते थे कि जो डर गया सो मर गया। लेकिन आज जो डर गया वो बच गया और जो लड़ गया वो मर गया। भरत तिवारी के फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई की जांच होनी चाहिए।
देश दोबारा जा रहा गुलामी की तरफ
नवीन जयहिंद ने कहा कि जो जितना बड़ा बेईमान, गुंडा या बदमाश होगा, वो उतना बड़ा नेता बनता है। चोर, गुंडे, बदमाश दिखाई तो देते हैं, लेकिन आईएएस, आईपीएस व नेता तो दिखाई भी नहीं देते। आज देश दोबारा गुलामी की तरफ जा रहा है।
