- कुर्ता-पजामा वाले बयान पर कहा-ये राजकुमारी सैनी का दूसरा रूप
जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष द्वारा कुर्ता-पजामा वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता को डॉक्टर की उपाधि किसने दे दी, ये ही सवाल है। डॉक्टर का कोई धर्म या जाति नहीं होती। अर्चना गुप्ता को अपनी मानसिकता में सुधार लाने की जरूरत है। ये कुर्ता-पजामा हरियाणा की शान है। इस बयान का वीडियो भी जारी हुआ है।
दिग्विजय चौटाला बोले, ऐसा है ये रूढीवादी मानसिकता वाले लोग है। ये डॉक्टर की उपाधि कहां से मिली है, इन्हें पूछना चाहिए। डॉक्टर को तो हम भगवान का रूप मानते हैं। डॉक्टर की धर्म और जाति नहीं होती। डॉक्टर अर्चना गुप्ता ये कहती है विशेष वर्ग की बात कर रही है। विशेष वर्ग की बात से राजनीति नहीं होती। 36 बिरादरी से राजनीति होती है। मैं तो इन्हें अनपढ़ मानता हूं। ये पढ़े-लिखे डॉक्टर लगा रहे हैं। ये अनपढ़ है, नासमझ है।
इस बयान के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के प्रति लोगों में रोष का माहौल है। खासकर इनेलो व जजपा वर्करों में आक्रोश है। वहीं, कुरुक्षेत्र से पूर्व सांसद राजकुमार सैनी से संपर्क किया गया तो कुछ देर बाद में बात करने को कहा है।
राजकुमार सैनी का दूसरा रूप
दिग्विजय बोले, हरियाणा प्रदेश के लाखों-करोड़ों युवाओं से कहूंगा कि इनके बहकावे में मत आ जाना। ये राजकुमार सैनी का दूसरा रूप है, ये रामचंद्र जांगड़ा का दूसरा रूप है अर्चना गुप्ता। इससे बचकर रहना भाईयों। हरियाणा को फिर से आग लगाना चाहती है। ये हरियाणा को बांटना चाहती है।
गंवाई हुई जगह पाना मुश्किल होता है
जजपा के यूथ प्रदेशाध्यक्ष बोले, खुंटी पर तो किसके कपड़े टंगेंगे। ये तो समय बताएगा। हालात बताएंगे। मगर अर्चना गुप्ता जी अपनी वाणी में, अपनी सोच और मानसिकता में सुधार ले आओ। अन्यथा जो हैं, ये पद आते-जाते रहते हैं। मैं ये मानता हूं कि लोगों के मन में गंवाई हुई जगह वापस पाना बहुत असंभव हो जाता है, मुश्किल हो जाता है।
पानीपत में दिया था बयान, बीजेपी से नहीं बयान
पानीपत में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंगलवार को प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पिछली हुड्डा व इनेलो सरकारों में एक विशेष वर्ग सक्रिय था, जो सुबह-सुबह कलफ लगे कुर्ते-पायजामे पहनकर लघु सचिवालय पहुंच जाता था। ये लोग बिचौलियों, दलालों और ‘सेटिंग’ कराने का काम करते थे।
बिचौलियों की दुकानदारी पूरी तरह बंद हो चुकी है और अब उनके कुर्ते-पजामे खूंटियों पर टंग गए हैं। किसी बिचौलिये या ‘विशेष वर्ग’ के हस्तक्षेप का सवाल ही नहीं उठता। पिछले कुछ दिनों से वे विवादित बयानों से विवादों में घिरीं है। इस पर किसी बीजेपी नेता का भी इनके पक्ष में बयान नहीं आया है।
