- खड़गे का नहीं, संविधान का अपमान
झज्जर जिले में कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर हुड्डा ने कहा कि यह केवल खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि संविधान और देश की जनता का अपमान है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जातिवादी सोच से मुक्ति के लिए देश में बड़े महायज्ञ की जरूरत है। हुड्डा ने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिए हैं, लेकिन भाजपा की सोच इसके विपरीत दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि देश में कोई अलग-अलग वर्ग नहीं हैं, बल्कि सभी नागरिक बराबर हैं।
किसानों पर कार्रवाई, सरकार पर हमला
हांसी में किसानों पर पत्थरबाजी, लाठीचार्ज और मामले दर्ज किए जाने के मुद्दे पर भी दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आजादी के पर्व के दिन किसानों के साथ पुलिस की कथित बर्बरता सरकार की कार्यशैली को दर्शाती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
हुड्डा ने दावा किया कि मौके पर एसपी के हाथ में पत्थर दिखाई दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच कर दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
अर्चना गुप्ता को खुद नहीं पता, क्या कर रही
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता की विशेष वर्ग को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उन्हें स्वयं पता नहीं है कि वह क्या कह रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयानों को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने युवाओं के भविष्य को चौपट करने का काम किया है।
कांग्रेस सरकार में चार गुना ज्यादा पदक आते थे
हरियाणा में खेल और खिलाड़ियों की स्थिति को लेकर भी हुड्डा ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा से वर्तमान की तुलना में करीब चार गुना ज्यादा पदक आते थे। उनके अनुसार सरकार की गलत खेल नीति के कारण खिलाड़ियों के प्रदर्शन और पदकों की संख्या में कमी आई है।
कॉमनवेल्थ गेम्स हरियाणा में आयोजित किए जाने के सवाल पर हुड्डा समर्थन में नजर आए। हालांकि उन्होंने कहा कि हरियाणा के पारंपरिक खेल कुश्ती को कॉमनवेल्थ गेम्स से हटाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के 12 साल के कार्यकाल में हरियाणा के खेल मंत्रालय ने कथित तौर पर एक भी ‘चिड़ी-बल्ला’ नहीं खरीदा।
उन्होंने सरकार से खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों के लिए किए गए काम का हिसाब मांगा।
अंबेडकर चौक से निकली तिरंगा यात्रा
इससे पहले झज्जर में कांग्रेस की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत अंबेडकर चौक से हुई और यह भगत सिंह चौक तक पहुंची। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, विधायक कुलदीप वत्स सहित कांग्रेस के अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
