- बोलीं- कुछ बदलावों पर चल रहा मंथन, जानें कौन-कौन राडार पर
हरियाणा BJP में प्रदेश संगठन में बदलाव के बाद अब जिलों की टीमों में भी फेरबदल की तैयारी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कम से कम 6 जिलाध्यक्षों की छुट्टी हो सकती है। पिछले कुछ समय से कई जिलों में भाजपा संगठन में कलह की खबरें खुलकर सामने आईं।
फील्ड में कम सक्रियता, वर्करों से संवाद में कमी या गुटबाजी को कंट्रोल न कर पाने की शिकायतों वालों जिलों पर पहले फैसला हो सकता है। दो दिन पहले ही पार्टी ने हरियाणा में 27 जिला प्रभारी लगाए हैं।
दरअसल, हिसार, रोहतक, गोहाना, भिवानी, फतेहाबाद और जींद में संगठन की कलह-कंट्रोवर्सी की शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा एक जिलाध्यक्ष पिछले कुछ दिनों से पार्टी की नेत्री से कनेक्शन की फोटो-वीडियो वायरल होने की वजह से राडार पर हैं।
दैनिक भास्कर से बातचीत में हरियाणा BJP प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि किसी स्पेसिफिक नाम पर विमर्श नहीं चल रहा है, हालांकि संगठन में हमेशा कुछ न कुछ चलता रहता है।
कई जिलों की कंट्रोवर्सी आ चुकी सामने
- गोहाना में वर्करों ने चिट्ठी लिखीः गोहाना में पार्टी से जुड़े लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष को शिकायत भेजी। जिसमें जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक पर पार्टी के “जजपा व कांग्रेसीकरण” का आरोप लगाया गया। इसी तरह जींद और भिवानी के जिलाध्यक्षों की कार्यशैली को लेकर असंतोष जताया गया।
- फतेहाबाद में जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक की कंट्रोवर्सीः फतेहाबाद में जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा और पूर्व विधायक दूड़ाराम समर्थक पदाधिकारियों के बीच कई बार विवाद सार्वजनिक हो चुका है।जींद प्रदेश नेतृत्व से शिकायत जिलाध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर स्थानीय नेताओं की नाराजगी सामने आई।
- हिसार में सामूहिक इस्तीफा कंट्रोवर्सीः हिसार जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ की कार्यशैली से असंतोष जताते हुए 11 मंडल अध्यक्षों ने सामूहिक इस्तीफा दिया। हालांकि बाद में पार्टी ने कहा कि सबकुछ सही है। अर्चना गुप्ता खुद हिसार आईं तो उन्हें आशा खेदड़ के पक्ष में स्टैंड लिया।
- नारनौल में महासचिव ने इस्तीफा दियाः महेंद्रगढ़-नारनौल संगठन में भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री विष्णु तंवर ने जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव से विवाद के चलते पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सोशल मीडिया में तीखी तकरार हुई।
- रेवाड़ी में दो मंत्रियों के अलग गुटः ऐसे ही हालात रेवाड़ी जिले में हैं। यहां केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के अपने-अपने गुट हैं।
- रोहतक जिलाध्यक्ष के खिलाफ 16 पन्नों की शिकायतः रोहतक जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका के खिलाफ भी 16 पन्नों की शिकायत हाईकमान तक पहुंची। 27 जून को भाजपा जिला कार्यालय में जिला महामंत्री अभिनंदन भारद्वाज और जिला सचिव अंकुश बिड्डू के बीच तीखी बहस की वीडियो वायरल हुई। एक अन्य वीडियो में वो अर्चना गुप्ता की मौजूदगी में ही पार्षद को धक्का मारते नजर आए। यह प्रदर्शन कांग्रेस के खिलाफ था।
कुरुक्षेत्र में बदला जा चुका है जिलाध्यक्ष
कुरुक्षेत्र में विवादों के बीच भाजपा ने जिलाध्यक्ष को जून में बदला था। यहां तेजिंद्र सिंह गोल्डी को हटाकर रमेश सैनी को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। पूर्व जिलाध्यक्ष गोल्डी का होमगार्ड की नौकरी को लेकर कथित सौदेबाजी का ऑडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद यह एक्शन लिया गया। उसी के बाद दूसरे जिलाध्यक्षों के खिलाफ भी कार्रवाई की चर्चाएं तेज हुईं।
हरियाणा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चुनने और प्रदेश की टीम का चयन होने के बाद अटकलें चल रही हैं। भाजपा ने पिछले साल 27 जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी, जिसमें 20 नए चेहरे थे, जबकि 7 पुराने कार्यकर्ताओं को मौका मिला। इनमें से 5 जिलाध्यक्ष किसी न किसी राजनीतिक विवाद में फंसे हुए हैं।
तीन प्रदेशाध्यक्षों में से दो ने बदली थी जिले की टीम…
ओमप्रकाश धनखड़ : 2020 में पूर्व में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रहे ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेशाध्यक्ष बनने के एक महीने के अंदर सभी 22 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए थे। नाम घोषित करने से पहले धनखड़ ने सभी जिलों का दौरा कर मंडल स्तर पर नए जिलाध्यक्षों के नाम के बारे में फीडबैक हासिल किया था। धनखड़ ने सुभाष बराला के कार्यकाल में बने अधिकतर जिलाध्यक्ष बदल दिए थे। मगर धनखड़ के समय सरकार और संगठन के बीच खींचतान देखने को मिली थी। इसके बाद धनखड़ का कार्यकाल खत्म होते ही उनकी लगाई आधी टीम को बदल दिया था।
नायब सैनी : 2024 में हरियाणा के पूर्व में सांसद रहे और वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद ओमप्रकाश धनखड़ के समय लगे आधे जिलाध्यक्षों को बदल दिया था। तब पानीपत में डॉ. अर्चना गुप्ता की जगह दुष्यंत भट्ट, सोनीपत में तीर्थ सिंह राणा की जगह जसबीर दोदवा, फरीदाबाद में गोपाल शर्मा की जगह राजकुमार वोहरा, भिवानी में शंकर धुप्पड़ की जगह मुकेश गौड़, हिसार में कैप्टन भूपेंद्र सिंह की जगह आशा खेदड़, झज्जर में विक्रम कादियान की जगह राजपाल जांगड़ा, सिरसा में आदित्य देवीलाल चौटाला की जगह निताशा सिहाग, गुरुग्राम में गार्गी कक्कड़ की जगह कमल यादव और चरखी दादरी में सतेंद्र परमार की जगह डॉ. किरण कलकल को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था।
मोहन लाल बड़ौली : मोहन लाल बड़ौली जुलाई 2024 से मई 2026 तक हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहे। उनके कार्यकाल के दौरान किसी भी जिलाध्यक्ष को बदला नहीं गया था। जुलाई 2024 में जब मोहन लाल बड़ौली को नायब सिंह सैनी की जगह भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, तो उसके कुछ समय बाद ही हरियाणा में विधानसभा चुनाव आयोजित होने थे। चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक स्थिरता को ध्यान में रखते हुए तत्कालीन जिलाध्यक्षों की टीम के साथ ही पूरी चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाया गया था।
