- जेठ पर भी किया हमलावर
भिवानी में विजय नगर स्थित अपने निवास स्थान पर पूर्व राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल को याद कर उनकी सोच की सराहना की। साथ ही बिना नाम लिए पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा के साथ अपने जेठ रणबीर महेन्द्रा को निशाने पर लिया।
पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने बिना नाम लिए कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा को निशाने पर लिया और कहा कि SC ने जिसे सिखों के नरसंहार में उम्र कैद की सजा दी उसे वो रोल मॉडल कैसे बता सकते हैं। किरण ने कहा कि विपक्ष मजबूत होना जरूरी होता है, वो सरकार को आईना दिखाता है। इन दोनों ने नीचे-नीचे हाथ मिलाकर विपक्ष खत्म कर दिया। सभी को पता है आम चुनाव और राज्यसभा चुनाव में उन्होंने क्या किया। अब तो खुद कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने ही बता दिया कि कांग्रेस का गुलदस्ता बिखर चुका है। CWC में ऐसे लोग हैं जिनकी सोच केवल मैं और मेरा की है।
अपने जेठ पर साधा निशाना
किरण चौधरी ने अपने जेठ रणबीर महेन्द्रा पर भी निशाना साधा और कहा कि हमने काम किए, पर जो BCCI के अध्यक्ष रहे उन्होंने क्या किया। वो एक वर्ल्ड क्लास का स्टेडियम बनवाते तो कॉमनवेल्थ के कुछ खेल हरियाणा में हो सकते थे। वो यहीं नहीं रूकी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग, जो सिर्फ अपना घर भरना चाहते हैं, वो कभी सत्ता में आए तो हालात सही नहीं होंगे। किरण चौधरी ने कहा कि PM मोदी की सोच व कूटनीति से हर वैश्विक संकट में भी भारत आगे बढ़ा।
बंसीलाल ने पूरे हरियाणा का समान विकास किया
पूर्व CM स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल को उनकी जयंती पर याद कर किरण चौधरी ने कहा कि बंसीलाल ने पूरे हरियाणा का समान विकास किया और केनाल सिस्टम को सुधारा, वो अजूबा ही था। किरण ने जोर देकर कहा कि नई पीढ़ी को पता होना चाहिए कि सुरेन्द्र सिंह बताते थे कि पहले पानी कपड़े की झोली में छान कर पीते थे। जहां बारिश के अलावा पानी की एक बूँद नहीं थी, वहाँ बंसीलाल की सोच से हरियाली हुई। किरण ने कहा कि बंसीलाल के बाद श्रुति चौधरी ने वर्ल्ड बैंक से पैसा लाकर सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का बीड़ा उठाया है।
