- बोले- देश को फिर गुलाम बनाने की कोशिश
जींद के सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और एसआईआर के विरोध को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। रविवार शाम सोशल मीडिया पर जारी 3 मिनट 59 सेकेंड के वीडियो में उन्होंने प्रदर्शन को देश विरोधी साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर हुई पार्टियां देश में अराजकता फैलाना चाहती हैं।
गौतम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और एसआईआर के विरोध पर भी सवाल उठाए। उन्होंने युवाओं से प्रदर्शन से दूर रहने और सरकार का साथ देने की अपील की। विधायक इससे पहले भी किसान आंदोलन सहित अन्य मुद्दों पर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आगे बढ़ता भारत उन्हें रास नहीं आ रहा। ऐसी पार्टियां लोगों को गुमराह कर देश को फिर से गुलाम और दूसरा पाकिस्तान बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
जानिए वीडियो में क्या बोले विधायक
मैं सभी देशवासियों को एक महत्वपूर्ण जानकारी देना चाहता हूं। इस समय देश में जो गड़बड़ करवाने और देश को दोारा गुलाम करवाने की साजिश कर रहे हैं। इस समय दिल्ली में जो हुड़दंग मचा रखा है, कॉकरोच जनता पार्टी और देश की सभी विपक्षी पाटियां जिनके हाथ से राज चला गया। वो सारे अब तबाही मचाने में लगे है, ताकि देश जो मोदी की अगुवाई में सही दिशा में चल रहा है, वो दोबारा से गुलाम हो जाए।
जिस प्रकार देश पहले गुलाम रहा बहुत साल, पता नहीं कौन- कौन लोग राज कर गए। वहीं हालात फिर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जो लोग ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे हैं, एसआईआर का विरोध कर रहे हैं। एसआईआर को केवल जो नाजायज वोट बने हुए हैं, उनको हटाने के लिए, जो सही वोट बने हुए हैं उनको रखने और जो नए वोट नहीं बने हैं, उनका बनाने के लिए हैं।
ये एक प्रक्रिया है। यह कांग्रेस पार्टी के राज में और जब से देश आजाद हुआ और चुनाव शुरू हुई हैं, इसके बाद अनेक बार ये प्रक्रिया चलती रही है।
देश को हिंदुस्तान बनाने की कोशिश
इस बार नई नहीं है एसआईआर। लोगों को अपने बच्चों को समझाना चाहिए। नौजवान बच्चों को समझदारी करनी चाहिए। पहली बार मोदी की अगुवाई में ऐसा राज आया है, जिसमें सही मायने में देश को हिंदुस्तान बनाने का प्रयास हुआ है और अपना देश जिसको कह सकते हैं, सभी जानते हैं, जो नहीं जानते नौजवान बच्चें। आपकों बता दें पहले 1947 से पहले एक देश था। हिंदु मुस्लिम समुदाय के हिसाब से पाकिस्तान बना, हिंदुस्तान को उसी हिसाब से फिर पाकिस्तान बनाने का प्रयास कर रहे हैं ये लोग।
नरेंद्र मोदी ने 2014 में देश की कमान संभाली, उन्होंने दोबारा देश को हिंदुस्तान बनाने की कोशिश की है। भाई समझों, अपने बच्चों को दिल्ली ना जाने दो, नौजवान भी समझों, सही दिशा में देश चल रहा है। दुनिया में देश का डंका बज रहा है। मोदी ने देश की बड़ी इज्जत बढ़ाई हैं। जो विपक्ष वाले हैं, इनका देश से कोई लगाव नहीं है, अपनी कुर्सी से लगाव है। उनके बहकावे में न आएं और सरकार का साथ दें। विधायक रामकुमार गौतम ने 3:59 मिनट का वीडियो जारी कर यह बात कही।
पहले भी सुर्खियों में रह चुके विधायक
विधायक रामकुमार गौतम इससे पहले भी आंदोलनों पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने किसान आंदोलन को सत्ता नहीं मिलने पर एक जाति विशेष की नाराजगी से जोड़ा था। जिस पर काफी बवाल मचा था। मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के साथ विधायक रामकुमार गौतम का विवाद सुर्खियों में रहा था। CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में CJP और विपक्ष के आंदोलन को भी उन्होंने देश का विकास रोकने और तोड़ने की साजिश बातकर बड़ा हमला बोल दिया है।
