- राहुल-दीपेंद्र के वीडियो पर सांसद वरुण ने दी सफाई
अंबाला से लोकसभा सांसद वरुण चौधरी ने राहुल गांधी और दीपेंद्र हुड्डा के वायरल वीडियो को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वीडियो में राहुल गांधी ने दीपेंद्र हुड्डा को धक्का नहीं मारा था, बल्कि उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंप रहे थे। चौधरी ने कहा कि वह घटना के समय खुद मौके पर मौजूद थे। उनके अनुसार, दीपेंद्र हुड्डा की लोकप्रियता से ईर्ष्या करने वाले लोग वीडियो को लेकर भ्रम फैला रहे हैं।
सांसद वरुण चौधरी गुरुवार को अंबाला शहर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने और आम लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने हरियाणा में अफसरशाही, सफाई टेंडर में पारदर्शिता और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को रोके जाने के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा।
सफाई टेंडर के दस्तावेज सार्वजनिक नहीं करने पर सवाल उठाए
हरियाणा में सरकारी कामकाज और अफसरशाही पर सवाल उठाते हुए चौधरी ने कहा कि प्रदेश में जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है और पारदर्शिता के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने सफाई टेंडर के दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर भी सवाल उठाए।
चौधरी ने कहा कि जब टेंडर से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक हैं, तो अधिकारियों की ओर से इन्हें देने से परहेज क्यों किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।
बोले- लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही भाजपा
दिल्ली में युवाओं को प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के मामले पर भी सांसद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को एकतंत्र में बदलने का प्रयास कर रही है।
चौधरी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के अधिकार को भी सीमित किया जा रहा है। उन्होंने जंतर-मंतर के प्रदर्शन स्थल को डी-नोटिफाई किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
वायरल वीडियो में धक्का देने का आरोप
दरअसल, दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के SIR के विरोध में विपक्षी दलों के मार्च के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और हरियाणा के रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दोनों नेता एक ट्रक पर नजर आते हैं और राहुल गांधी दीपेंद्र हुड्डा को नीचे उतरने का इशारा करते दिखाई देते हैं।
इसके बाद भाजपा और इनेलो के नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने दीपेंद्र हुड्डा को धक्का देकर ट्रक से नीचे उतारा और उनका अपमान किया। हालांकि, दीपेंद्र हुड्डा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।
उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने उन्हें आगे जाकर प्रदर्शनकारियों को संभालने और व्यवस्था देखने की जिम्मेदारी सौंपी थी। दीपेंद्र ने बताया कि वे करीब एक घंटे से राहुल गांधी के साथ ट्रक पर थे और आगे बैरिकेडिंग के पास प्रदर्शनकारियों के बढ़ने की आशंका के चलते उन्हें भीड़ को संभालने के लिए कहा गया था।
अब अंबाला के सांसद वरुण चौधरी ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह खुद मौके पर मौजूद थे और राहुल गांधी ने दीपेंद्र हुड्डा को धक्का नहीं मारा, बल्कि उन्हें जिम्मेदारी सौंपी थी।
