• मेरे PA से ही डिबेट कर ले

हिसार के आदमपुर में अपने नए मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने स्थानीय कांग्रेस विधायक को घटिया बता दिया।

मीडिया से बातचीत के दौरान कुलदीप बिश्नोई से जब पूछा गया, ‘कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश कहते हैं कि काम मैं करवाता हूं और फीता भव्य बिश्नोई काटते हैं’।

इस पर कुलदीप बिश्नोई भड़क गए। उन्होंने कहा- मैं ऐसे घटिया लोगों की बात का जवाब देता ही नहीं। हम क्या काम करवाते हैं और क्या नहीं, यह आदमपुर की जनता को भी अच्छी तरह पता है और प्रदेश सरकार को भी पता है।

मेरे पीए से डिबेट करके देख ले

इसके बाद कुलदीप ने विकास कार्यों का हवाला देते हुए आदमपुर विधायक को डिबेट का चैलेंज भी दे दिया। कहा, सारे सरकारी लेटर मैंने खुद लिखवाए हैं। मेरा खुला चैलेंज है कि किसी भी दिन आकर मेरे घर पर मेरे PA से डिबेट करके देख ले कि हमने क्षेत्र में कितने काम कराए हैं।

करीबी रहे रामजी लाल के भतीजे ने भव्य को हराया था

कांग्रेस ने 2024 विधानसभा चुनाव में भजनलाल परिवार की घेराबंदी की थी। भाजपा ने यहां कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को दूसरी बार मैदान में उतारा था।

वहीं, कांग्रेस ने यहां से पूर्व IAS चंद्र प्रकाश को अपना उम्मीदवार बनाया था। चंद्र प्रकाश पंडित रामजीलाल के भतीजे हैं। रामजीलाल को चौधरी भजनलाल का दोस्त माना जाता था।

इस समीकरण के बाद भी कांग्रेस ने चंद्र प्रकाश को अपना उम्मीदवार बनाया। इसका लाभ भी कांग्रेस को मिला और चंद्र प्रकाश ने भव्य बिश्नोई को 1268 वोटों से हराया था। तब भव्य को 64,103 वोट मिले थे।

रामजीलाल की वोट से राजनीति में भजनलाल की एंट्री हुई थी

आदमपुर सीट भजनलाल परिवार का गढ़ मानी जाती थी। 2024 के विधानसभा चुनाव में बिश्नोई परिवार की 57 साल में पहली बार हार हुई थी। कांग्रेस के चंद्र प्रकाश ने 65,571 हजार वोट पाकर जीत दर्ज की थी।

चंद्र प्रकाश के चाचा रामजीलाल की वोट से ही भजनलाल ब्लॉक समिति के चेयरमैन बने थे। यहीं से भजनलाल की राजनीति शुरू हुई थी। इसके बाद वे प्रदेश के सीएम भी रहे।

भाई चंद्रमोहन बोले- हमारे परिवार के खिलाफ दुष्प्रचार

पंचकूला से कांग्रेस विधायक व पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन बिश्नोई अपने पूरे परिवार के साथ आदमपुर में गृह प्रवेश के कार्यक्रम में पहुंचे। जैसे ही वे कार्यक्रम में आए, छोटे भाई कुलदीप बिश्नोई ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया और दोनों भाई मुस्कुराते हुए गले मिले। इसके बाद भव्य बिश्नोई ने भी उनके पैर छुए।

इस दौरान चंद्रमोहन ने कहा, मैं साल के 365 दिनों में से 360 दिन पंचकूला में ही रहता हूं, फिर भी वहां के लोग कह देते हैं कि चंद्रमोहन यहां नहीं रहता। असल में हमारे विरोधियों के पास कहने के लिए कोई और मुद्दा ही नहीं है, इसलिए वे हमारे परिवार के खिलाफ ऐसा प्रचार करते हैं।

भव्य को ‘विधायक’ लिखने पर हो चुका विवाद

आदमपुर के गांव सुंडावास में पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने 10 फरवरी 2025 को 35 एकड़ के खाल (खेतों में पानी पहुंचाने वाली नाली) का उद्घाटन किया था। इस दौरान पंचायत की ओर से लगाए गए शिलापट्ट पर उनके नाम के नीचे विधायक लिख दिया गया था। भव्य ने इसका फोटो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया था। जबकि इस दौरान चंद्र प्रकाश ही विधायक थे।

इस पर कांग्रेस नेता शुभम शुक्ला ने प्रोटोकॉल तोड़ने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया था। विवाद बढ़ने पर शिलापट्ट पर मार्कर से विधायक से पहले पूर्व लिखवाया गया। सरपंच संपत सिंह ने इसे प्रिंटिंग की गलती बताया था।