- चौधरी बोलीं-यह गिरा हुआ स्तर
दक्षिणी हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। इस बार विवाद की वजह उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह का एक धार्मिक कार्यक्रम में दिया गया भाषण है।
नांगल चौधरी विधानसभा के गांव नायन में इस कार्यक्रम में मंत्री ने साल 2024 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव की चुनावी हार पर कहा- आप लोगों ने अभय सिंह को हरा दिया, यह सही नहीं किया। तुम बिरादरी के चक्कर में पड़ गए और मंजू चौधरी को जीता दिया। यह बंजारे वाली बात है कि कुत्ते को मारने के बाद पछताने से क्या फायदा। अब पछताते रहो, पांच साल बेकार चले गए, लेकिन वह कोशिश करेंगे कि ये पांच साल बेकार न जाएं। माना जा रहा है कि मंत्री ने यह टिप्पणी क्षेत्र की जनता के कथित पछतावे का जिक्र करते हुए की, लेकिन उनके उदाहरण में इस्तेमाल शब्दों ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। विधायक मंजू चौधरी की ओर से इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया आई।
सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जब भाषा का स्तर इतना गिर जाए कि एक जनप्रतिनिधि दूसरे नेता की तुलना ‘कुत्ते’ से करने लगे तो यह पद और जनता दोनों का अपमान है।
जानिए वह चुनाव जिसका मंत्री नरबीर ने जिक्र किया…
- मंजू चौधरी ने अभय यादव को 6,930 वोटों से हराया था : साल 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव को कांग्रेस की उम्मीदवार मंजू चौधरी ने 6,930 वोटों से हराया था। अपनी हार के बाद अभय सिंह यादव कई मंचों पर लोगों को हार के बाद अपनी पीड़ा बता चुके हैं। पूर्व मंत्री की हार की चर्चा भी कई बार हो चुकी है।
- मंत्री नरबीर बोले- तुम बिरादरी के चक्कर में पड़ गए : मंत्री राव नरबीर सिंह मंगलवार को गांव नायन में पूर्व सरपंच रामकरण की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में अभय सिंह की इसी पीड़ा का जिक्र किया। राव नरबीर सिंह ने कहा कि आप लोगों ने अभय सिंह को हरा दिया, यह सही नहीं किया। तुम बिरादरी के चक्कर में पड़ गए और मंजू चौधरी को जीता दिया।
- 10 साल पहले नांगल क्षेत्र अगल था, अब कुछ और : मंत्री नरबीर यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि मंजू चौधरी तुम्हारे क्षेत्र को क्या दे रही है। अभय सिंह ने क्षेत्र में बहुत विकास करवाया था। 10 साल पहले नांगल चौधरी क्षेत्र कुछ अलग था अब कुछ अलग है, लेकिन फिर भी तुमने बिरादरी के चक्कर में पड़कर अभय सिंह को हरा दिया।
मंत्री के बयान की विधायक मंजू चौधरी पक्ष की बातें…
- दूसरे नेता की तुलना कुत्ते से करना जनता का अपमान : विधायक मंजू चौधरी ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि दूसरे नेता की तुलना कुत्ते से करे तो जनता का अपमान है। इसके अलावा ‘आई स्पोर्ट मंजू चौधरी’ नाम के फेसबुक पेज पर विधायक के प्रतिनिधि संदीप चौधरी की ओर से पोस्ट डाली गई। इसमें कहा गया कि राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मंत्री जैसे ओहदे वाले लोगों को अपनी भाषा का स्तर इतना नहीं गिराना चाहिए।
- व्यक्तिगत खींचतान यहां की राजनीतिक संस्कृति नहीं : पोस्ट में आगे कहा गया कि वीडियो में मंत्री जिस तरह की भाषा और लहजे का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह केवल डॉ. अभय सिंह यादव का नहीं, बल्कि पूरे राजनीतिक मंच और जनता के सम्मान का अपमान है। व्यक्तिगत खींचतान और इस तरह की बयानबाजी क्षेत्र की राजनीतिक संस्कृति नहीं रही है।
- लोकतांत्रिक तरीके से हराना ही राजनीति का तरीका हो: सोशल मीडिया पोस्ट में आगे कहा गया कि राजनीतिक विरोधियों को वैचारिक और लोकतांत्रिक तरीके से हराना ही राजनीति का तरीका होना चाहिए। पोस्ट में मंत्री के बयान को ‘ओछी शब्दावली और अहंकार की राजनीति’ बताते हुए विरोध किया गया। अंत में कहा गया कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में खुद इसका फैसला करेगी।
जाट समाज को लेकर भी दिया बयान
इस कार्यक्रम में मंत्री राव नरबीर सिंह ने जाटों को लेकर भी दो बार बयान दिया। उन्होंने कहा कि जाटों ने उनको भी एक बार हराने का काम किया था, अब यहां भी अभय सिंह को जाटों ने ही हराया है। इसके बावजूद, उन्होंने बिना वोट मिले भी क्षेत्र में 15 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए। लोगों को जाति, बिरादरी और धर्म देखकर नहीं, बल्कि काम देखकर वोट देना चाहिए।
