• अच्छा है, वे भी अब भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के पद चिन्हों पर चलने लगे हैं- मनोहर लाल

करनाल में देर रात पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सुबह मीडिया से बातचीत में संगठन, विकास योजनाओं, केंद्र-राज्य समन्वय, विपक्षी बयानों और राष्ट्रीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और स्पष्ट किया कि सरकार का फोकस विकास, युवाओं को आगे बढ़ाने और लंबित परियोजनाओं को गति देने पर है। भारतीय जनता पार्टी के नए युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए मंत्री ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है। देश का पूरा दारोमदार अब युवा शक्ति पर है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है, जो एक सकारात्मक संकेत है। पहले भी कई मुख्यमंत्री और मंत्री युवा रहे हैं और उन्होंने बेहतर काम किया है।

कांग्रेस अब भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के पद चिन्हों पर चलने लगे हैं

राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे पर चुटकी लेते हुए मंत्री ने कहा कि अच्छा है, वे भी अब भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के पद चिन्हों पर चलने लगे हैं। मनरेगा को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के हित में है और उनके लिए फायदेमंद है। नाम बदलने को लेकर उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, पहले भी नाम बदले गए हैं।

हरियाणा के दो माली बयान पर जवाब

भूपेंद्र हुड्डा के हरियाणा के दो माली वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हैं, जो पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए बताया कि उनका जन्म 1970 में हुआ था और वे 56 वर्ष के हो गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब में भी बेहतर काम कर रहे हैं।

दिल्ली-करनाल रैपिड ट्रेन तय, डीपीआर के बाद कैबिनेट से मंजूरी

रैपिड ट्रेन परियोजना पर मंत्री ने कहा कि दिल्ली से करनाल तक रैपिड ट्रेन चलना अब तय हो चुका है। जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार की जाएगी और उसके बाद कैबिनेट से मंजूरी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और आवागमन को आसान बनाएगी।

करनाल रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट की सुविधा जल्द

करनाल रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगाए जाने के सवाल पर मंत्री ने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव रेलवे विभाग को भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि जैसे पानीपत रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट की सुविधा दी गई है, उसी तरह करनाल स्टेशन पर भी जल्द यह सुविधा उपलब्ध होगी।