पंचकूला सद्भाव यात्रा में हिमाचली MLA आए, हरियाणवी गायब

हरियाणा : ब्रे​किंग न्यूज : पंचकूला की कालका विधानसभा में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह ने पार्टी नेताओं को नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि हम 3 इलेक्शन हार गए, ऐसी स्थिति रही तो 30 इलेक्शन और हारेंगे।

दरअसल, कालका विधानसभा क्षेत्र में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा चल रही है। यहां एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यात्रा में हिमाचल के नालागढ़ विधानसभा के MLA हरदीप सिंह बावा, MLA रामकुमार चौधरी, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पहुंचे हैं, जबकि यहां के स्थानीय नेता नदारद हैं।

बृजेंद्र ने हरियाणा पॉलिटिक्स पर क्या कहा

ठीक हुआ चुनाव हार गया: बृजेंद्र सिंह ने कहा कि, राजनीति सिर्फ पद हासिल करना नहीं है। राजनीति उससे कहीं ज्यादा बड़ी है। उन्होंने कहा कि मेरी हार 32 वोट से हुई। मैं तो आज यहां से कह रहा हूं कि धन्य हूं कि मैं हार गया। जीत जाता तो अपने हलके में ही घूम रहा होता। अब मैं आजाद हो गया हूं, पूरी लंबी उड़ान भरने के लिए।

तीन इलेक्शन हार गए, ऐसे 30 भी हारेंगे: यात्रा में हिमाचल के तो एमएलए और पूर्व एमएलए आने लगे हैं, मगर यहां के नदारद हैं। फिर कहते हैं कि हम 3 इलेक्शन हार गए, ऐसे तो 30 भी हारोगे। एक ऐसा प्रदेश जहां सरकार है, वो वहां सुख से बैठे हैं, वो बेचारे आए हैं, क्योंकि उनका इलाका यहां से लगता है।

हरियाणा में संगठन न होने से आदत खराब: बृजेंद्र ने आगे कहा कि हरियाणाा में संगठन नहीं होने के कारण आदत खराब हो गई है। संगठन बना नहीं या संगठन बनने नहीं दिया गया, यह कह लीजिए। जहां संगठन नहीं होता, वहां पदाधिकारी नहीं केवल टिकटार्थी रह जाते हैं। अब संगठन बना है तो आदतें बदलने में थोड़ा समय लगेगा।