• सीधे चुनाव में उतरकर बनाएंगे सरकार

हरियाणा सरकार के केबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी करनाल पहुंचे, वे यहां एक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों, टीचरों और आयोजकों से मुलाकात हुई। इसी मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की और सरकार की योजनाओं, पेंशन के मुद्दे, विपक्ष के बयानों और राजनीतिक हालात पर अपनी बात रखी।

बुजुर्गों की पेंशन पर दिया भरोसा

बुजुर्गों की पेंशन काटे जाने के सवाल पर बेदी ने कहा कि यह विषय अब सुलझ चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री जी कह चुके हैं कि किसी भी बुजुर्ग की पेंशन बंद नहीं होगी। सभी की पेंशन डाल दी गई है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।

अभय चौटाला के बयान पर तंज

अभय चौटाला द्वारा 2029 में पेंशन डबल करने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बेदी ने कहा कि जब उनकी सरकार आएगी, तब वे कर लेंगे। अभी तो हालात ऐसे हैं कि ना नौ मण तेल होगा और ना ही राधा नाचेगी।

पंजाब और AAP पार्टी के मामले पर सवाल

पंजाब में आम आदमी पार्टी की एमएलए से जुड़े हरियाणा सीएम के मामले पर बेदी ने कहा कि फिलहाल यह बात सिर्फ मीडिया में रखी गई है। अभी तक इसकी कोई अथेंटिसिटी नहीं है। किसी संपर्क का नाम लिया जा रहा है, अब संपर्क किसने किया, इसका जवाब आरोप लगाने वाले को ही देना चाहिए।

ऑपरेशन लोटस की जरूरत नहीं

ऑपरेशन लोटस को लेकर पूछे गए सवाल पर बेदी ने कहा कि इस समय इसकी कोई जरूरत नहीं है। हम सीधे चुनाव में जाएंगे, लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे।