• पेंशन कटौती पर पंचकूला में प्रदर्शन 20 को, अभय चौटाला करेंगे नेतृत्व

हरियाणा में बुजुर्गों की पेंशन कटौती के खिलाफ इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने 20 फरवरी को पंचकूला में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व इनैलो सुप्रीमो अभय चौटाला करेंगे। महम में आयोजित एक प्रेसवार्ता में हलका प्रवक्ता संदीप नेहरा निंदाना ने यह जानकारी दी।

प्रदेश में लाखों बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन काटे जाने का मामला सामने आया है, जिससे व्यापक रोष है। संदीप नेहरा ने कहा कि इनैलो बुजुर्गों की पेंशन काटने के खिलाफ है। उन्होंने याद दिलाया कि चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान के लिए ही ‘सम्मान भत्ता’ योजना शुरू की थी।

तीन दिवसीय दौरा करेंगे कार्यकर्ता

नेहरा ने बताया कि महम हलके में जिन बुजुर्गों की पेंशन काटी गई है, उनसे मिलने और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए इनेलो कार्यकर्ता तीन दिवसीय दौरा करेंगे। उन्होंने महम हलके के लोगों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 9466777719 भी जारी किया, ताकि प्रभावित लोग संपर्क कर सकें।

आय के साथ खर्च भी जोड़ना चाहिए

संदीप नेहरा ने जोर देकर कहा कि हरियाणा में किसी भी बुजुर्ग की पेंशन नहीं कटने दी जाएगी। उन्होंने आय को आधार बनाकर पेंशन काटने को गलत बताया और तर्क दिया कि आय के साथ खर्च को भी जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने विधायकों और सांसदों द्वारा कई-कई पेंशन लेने का भी उल्लेख किया।

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रेसवार्ता के दौरान नेहरा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हर रोज नेताओं और व्यापारियों को धमकियां मिल रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। नेहरा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा में केवल इनैलो ही वास्तविक विपक्ष है, जबकि कांग्रेस चुप बैठी है और उसके नेता भाजपा से मिले हुए हैं।

उन्होंने दोहराया कि इनेलो महम हलके के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनेगी और उनके समाधान के लिए काम करेगी।