- रोहतक में इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला का मनाया जन्मदिन,63 किलो का काटा केक
रोहतक में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला का 63वां जन्मदिन कन्हेली रोड पर धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में इनेलो अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने बतौर मुख्यतिथि पहुंचकर बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने अभय चौटाला को बुके भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
इनेलो प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली के फार्म हाउस पर आयोजित कार्यक्रम में अभय सिंह चौटाला ने 63 किलो का केक काटा और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन स्वीकार किया। साथ ही कहा कि लोगों का विश्वास इनेलो पार्टी में बढ़ता जा रहा है। आज हर वर्ग भाजपा से परेशान हैं और इनेलो की तरफ आस भरी नजरों से देख रहा है।
भाजपा राज में नेताओं को मिल रही धमकियां
कार्यक्रम के दौरान अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारियों के साथ अब नेताओं को भी धमकी मिल रही है। व्यापारियों को लगातार धमकी भरे फोन आ रहे है, क्योंकि बदमाशों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है। सरकार के संरक्षण के बिना अपराध नहीं पनप सकता।
जनता भाजपा एवं कांग्रेस के बहकावे में नहीं आएगी
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार कांग्रेस ने भाजपा की सरकार बनवाई है। लेकिन अब जनता समझ चुकी है और भाजपा एवं कांग्रेस के बहकावे में नहीं आएगी। जनता ने तो भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाने में कसर नहीं छोड़ी, लेकिन कांग्रेस ने सरकार बनवा दी। आने वाले समय में इनेलो की सरकार बनेगी और हर वर्ग खुशहाल होगा।
ब्लड डोनेशन कैंप में युवाओं का दिखा उत्साह
इनेलो के प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली ने बताया कि अभय चौटाला के जन्मदिन के अवसर पर 1100 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए युवाओं में जोश देखने को मिल रहा है। सुबह से युवा रक्त एकत्रित करने में लगे हुए है। रोहतक पीजीआई और जींद की एक टीम ब्लड डोनेशन कैंप में रक्त एकत्रित कर रही है।
