- पीछे काफिले की गाड़ियां:CM सैनी के फ्लीट में कार घटेगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद हरियाणा के सीएम नायब सैनी एक्शन में आ गए हैं। सीएम ने VIP वाहनों के बेड़े में 50 प्रतिशत तक कटौती करने का फैसला किया है। सीएम ने ट्वीट कर अपनी फ्लीट में वाहनों की संख्या कम करने की बात कही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस आदेश के बाद विभिन्न विभागों में मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य वीआईपी श्रेणी के लिए उपलब्ध वाहनों की समीक्षा की गई। इसके बाद तय किया गया कि जहां एक से अधिक वाहन तैनात हैं, वहां उनकी संख्या आधी की जाएगी।
प्रोटोकॉल के अनुसार सीएम सैनी के काफिले में 8 से 15 गाड़ियां होती हैं। सीएम के इस फैसले के बाद अब इन गाड़ियों की संख्या 7 के करीब रह जाएगी। चंडीगढ़ में सुबह मंत्री डॉ. अरिंद शर्मा भी कार्यकर्ताओं के साथ साइकिल से भाजपा कार्यालय पहुंचे, मगर उनके पीछे काफिले की गाड़ियां भी नजर आईं।
उधर, गुरुवार सुबह गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत आज ट्रेन से कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन से कुरुक्षेत्र गुरुकुल तक उन्होंने साइकिल चलाई। उनकी सिक्योरिटी भी साइकिल पर नजर आई। आचार्य देवव्रत के साथ गुरुकुल में 2 गाड़ियां भी पहुंची, दोनों इलैक्ट्रिक थी।
CM ने क्या लिया एक्शन…
VIP वाहनों में होगी कटौती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और संसाधनों के उचित उपयोग के आह्वान पर हरियाणा सरकार ने वीआईपी वाहनों के उपयोग में कटौती का फैसला किया है। सीएम नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि अगले आदेश तक उनके कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से केवल आवश्यक वाहन ही शामिल होंगे।
CM फ्लीट में मिनिमम वाहन होंगे शामिल
सीएम ने अपने फ्लीट में न्यूनतम वाहनों के इस्तेमाल का निर्णय लिया है। इसके साथ ही उन्होंने सप्ताह में एक दिन बिना किसी सरकारी वाहन के कार्य करने का संकल्प भी लिया है। सीएम ने कहा- राज्य सरकार के सभी मंत्री और विभागीय अधिकारी भी यात्रा के दौरान सीमित वाहनों का उपयोग सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों से अधिकतम बैठकों का आयोजन वर्चुअल माध्यम से करने का आग्रह किया गया है।
अब जानिए किन वाहनों पर असर पड़ेगा…
मुख्यमंत्री ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा- मैंने अपने फ्लीट में न्यूनतम वाहनों के उपयोग का निर्णय लिया है। अगले आदेश तक मेरे कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से केवल आवश्यक वाहन ही शामिल होंगे। साथ ही सप्ताह में एक दिन बिना किसी वाहन के कार्य करने का भी संकल्प लिया है।
सीएम के काफिले में 15 गाड़ियां तक
सीएम सैनी के काफिले में प्रोटोकॉल के अनुसार 8 से 15 गाड़ियां होती हैं। उन्हें Z+ सिक्योरिटी मिली हुई है, ऐसे में सीएम के काफिले में 10 से ज्यादा एनएसजी कमांडो और पुलिसकर्मी समेत 55 ट्रेंड जवान तैनात किए जाते हैं। ये जवान चार से पांच गाड़ियों में चलते हैं। इसके अलावा सीएम स्टाफ के लिए दो से तीन गाड़ियां मुहैया कराई जाती हैं। सीएम के फैसले के बाद अब इन गाड़ियों की संख्या 7 के करीब रह जाएगी।
इन वाहनों पर पड़ेगा असर
नए आदेशों के बाद मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त वाहनों की संख्या घटेगी। एस्कॉर्ट और फॉलो कारों की तैनाती की भी समीक्षा की जाएगी। विभागीय पूल वाहनों का साझा उपयोग बढ़ाया जाएगा। विभागों में नई गाड़ियों की खरीद पर भी नियंत्रण रखा जाएगा।
