• CM सैनी बोले-अब कोई हुड्डा पर भरोसा नहीं करता; PM मोदी ने भी किया ट्वीट

हरियाणा में निकाय चुनाव के पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम, सांपला, उकलाना, धारूहेड़ा नगर पालिका व रेवाड़ी नगर परिषद की काउंटिंग पूरी हो गई। भाजपा ने तीनों नगर निगम में जीत हासिल की है। सोनीपत में राजीव जैन, अंबाला में अक्षिता सैनी और पंचकूला नगर निगम में श्यामलाल बंसल ने जीत दर्ज की।

कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत पाई। हालांकि, उकलाना नगर पालिका में कांग्रेस समर्थित रीमा सोनी चेयरपर्सन का चुनाव जीत गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के गढ़ सांपला नगर पालिका में भाजपा के प्रवीण कोच ने चेयरमैन का चुनाव जीता। इसी तरह, धारूहेड़ा नगर पालिका में भाजपा उम्मीदवार अजय जांगड़ा चेयरमैन बने। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में भाजपा की विनीता पीपल चेयरपर्सन का चुनाव जीत गईं।

उधर, निकाय चुनाव परिणामों पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा “ऐसा इसलिए है क्योंकि अब कोई भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भरोसा नहीं करता”। इस जीत पर PM नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर हरियाणा के लोगों का आभार जताय। वहीं, इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने उकलाना से जीती निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी को वीडियो कॉल कर बधाई दी।

उधर, पंचकूला में कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज ने EVM में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए। कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम में चोर दरवाजे बनाए हुए थे और अंदर मशीनों की सील टूटी हुई थी। अधिकारियों से पूछने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसे लेकर हंगामा भी हुआ। इसी वजह से साढ़े तीन बजे तक यहां काउंटिंग चली।

पीएम का ट्वीट, लिखा- शानदार विजय के लिए आभार

हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- हरियाणा के नगर निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार विजय के लिए राज्य के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार। इस जीत से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि जनता-जनार्दन का भाजपा-एनडीए सरकार द्वारा किए जा रहे विकास और सुशासन की नीतियों पर अटूट विश्वास है। यह विजय राज्य की डबल इंजन सरकार पर हरियाणा के लोगों के भरोसे का भी प्रतीक है। इस अवसर पर पार्टी के उन सभी कार्यकर्ताओं का मैं हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने भाजपा की इस जीत में अहम भूमिका निभाई है।