• 5 MLA शामिल, CLP लीडर हुड्डा का भी नाम

हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की घोषणा के बाद कांग्रेस पार्टी अलर्ट हो गई है। प्रदेश में इस प्रक्रिया को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से हरियाणा कांग्रेस ने अपनी राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति का विस्तार किया है। यह जानकारी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि कमेटी में विधायक अशोक अरोड़ा, चौधरी आफताब अहमद तथा चंद्र प्रकाश, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल व डॉ. एमएल रंगा, धर्मवीर गोयत, रिटायर्ड आईएएस विनय यादव, एडवोकेट बिजेंद्र रंगा व मोहन ढिल्लों तथा सुरेन्द्र शर्मा को शामिल किया गया है।

कमेटी ये करेगी काम

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इससे पूर्व इस समिति में उनके (राव नरेंद्र सिंह) अतिरिक्त हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक भारत भूषण बत्रा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल एवं प्रफुल्ल गुडधे, तथा एडवोकेट रणधीर सिंह राणा शामिल थे।

राव नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पार्टी हरसंभव कदम उठाएगी तथा पूरी प्रक्रिया पर सतर्क निगरानी रखेगी।

1 जुलाई से शुरू होगा एसआईआर

हरियाणा में चुनाव आयोग ने 1 जुलाई 2026 से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) शुरू करने की घोषणा कर चुका है। राज्य में अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के अनुसार, 2 करोड़ 6 लाख वोटर हैं। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, SIR कार्यक्रम को जनगणना के तहत चल रही हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि दोनों प्रक्रियाओं के बीच बेहतर तालमेल बना रहे और मतदाता सूची अधिक सटीक बनाई जा सके।

यहां पढ़िए हरियाणा में SIR का पूरा शेड्यूल…

5 जून से कर्मचारियों की ट्रेनिंग
केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार हरियाणा में एसआईआर प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। पांच जून से 14 जून तक अधिकारियों-कर्मचारियों की ट्रेनिंग और वोटर लिस्ट प्रिंटिंग का काम होगा। 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।

जुलाई में रेशनलाइजेशन होगा
14 जुलाई को पोलिंग स्टेशनों का रेशनलाइजेशन होगा। 21 जुलाई को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 21 जुलाई से 20 अगस्त तक लोग नए नाम जोड़ने, नाम हटाने और सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे।

नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू होगी
नया नाम जोड़ने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा सुधार के लिए फार्म-8 भरना होगा। दावों और आपत्तियों पर ईआरओ (इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर) और एईआरओ (असिसटेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर) सुनवाई कर फैसला लेंगे। 22 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।