• HPSC ऑफिस के बाहर धरना, अभय बोले- हमारे युवाओं के साथ अन्याय

हरियाणा में सरकारी नौकरियों के ग्रुप-बी पदों में 90 प्रतिशत तक अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को अवसर दिए जाने के विरोध में अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के नेताओं ने सोमवार को पंचकूला के परेड ग्राउंड में जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध-प्रदर्शन में पार्टी के हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा के युवाओं के अधिकारों से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश के योग्य युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और सरकारी नौकरियों में उनका हक छीना जा रहा है।

आंदोलन तेज करेगी पार्टी

पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने हरियाणा के युवाओं के हितों की अनदेखी जारी रखी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग उठाई।

इस मौके पर इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रोफेसर संपत सिंह, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, विधायक आदित्य देवी लाल, युवा राष्ट्रीय प्रभारी करन चौटाला, विधायक अर्जुन चौटाला, संगठन सचिव उम्मेद लोहान और प्रदेश प्रधान महासचिव गौरव सम्पत सिंह भी मौजूद रहे।

पार्टी विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा, बाहर के लोगों को तरजीह देने से हरियाणा के युवा नौकरी से वंचित हो गए हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो सरकारी नौकरियों में सिर्फ बाहर के लोग ही नजर आएंगे और हरियाणा का युवा बेरोजगार रह जाएंगे।

चंडीगढ़ में दो बैठकें

एचपीएससी के सामने प्रदर्शन करने के बाद इनेलो पार्टी के प्रकोष्ठों द्वारा और बेहतर कार्य करने की रूपरेखा बनाने के लिए दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय पर अभय सिंह चौटाला महिला प्रकोष्ठ की राज्य कार्यकारिणी, जिला एवं हलका संयोजकों की बैठक लेंगे। उसके बाद 3 बजे युवा प्रकोष्ठ एवं आईएसओ तथा सोशल मीडिया सेल की राज्य कार्यकारिणी एवं जिला व हलका संयोजकों की बैठक लेंगे