• कार्यकर्ताओं को देंगे जानकारी

फतेहाबाद में एसआईआर के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आज (गुरुवार) को जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक होगी। श्रीराम सेवा समिति धर्मशाला में होने वाली इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

इस बैठक में एसआईआर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और कार्यकर्ताओं को आगामी रणनीति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। बैठक में फतेहाबाद विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, टोहाना विधायक परमवीर सिंह तथा एसआईआर फतेहाबाद के प्रभारी मोहन ढिल्लों विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

कार्यकर्ताओं के बताई जाएंगी बारीकियां

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के बैठक में शामिल होने की संभावना है। बैठक में कार्यकर्ताओं को एसआईआर की बारीकियां बताई जाएंगी। साथ कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया जाएगा कि एक भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।

इसके लिए सभी बीएलए और पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता और सजगता के साथ कार्य करना होगा। शर्मा ने बताया कि सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया जाएगा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर बूथ लेवल एजेंटों को लगातार सक्रिय रखें। मतदाता सूची सुधार कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें।