- एससी वित्त एवं विकास निगम संभालेंगे, BJP के दो बार जिलाध्यक्ष रह चुके
हरियाणा सरकार की ओर से फतेहाबाद के रतिया निवासी बलदेव सिंह ग्रोहा को हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का चेयरमैन बनाया गया है। बलदेव ग्रोहा बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने लगातार दो प्लान तक जिलाध्यक्ष पद संभाला है, उन्हें आत्मनिर्भर भारत अभियान का लोकसभा संयोजक भी बनाया गया था।
बता दें कि, साल 2020 से पहले बलदेव ग्रोहा भाजपा के जिला महामंत्री थे। उसी साल उन्हें जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद जनवरी 2024 में उन्हें लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष पद दिया गया, उन्हें जिले में प्रमुख पगड़ीधारी चेहरे के तौर पर जाना जाता है।
रतिया क्षेत्र से टिकट के थे दावेदार
बलदेव ग्रोहा साल 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान रतिया सीट से बीजेपी की टिकट के प्रबल दावेदार थे। उस समय बतौर जिलाध्यक्ष भी दायित्व निभा रहे थे। मगर उस समय पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को टिकट दी गई थी। हालांकि, चुनाव में सुनीता दुग्गल की दूसरी बार हार हो गई थी।
बलदेव ग्रोहा लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं। मंडल स्तर पर भी दायित्व निभा चुके हैं। हालांकि, सुनीता दुग्गल भी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरपर्सन रह चुकी हैं।
रतिया क्षेत्र से सरकार में तीसरे चेयरमैन
फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र को बलदेव ग्रोहा के रूप में तीसरी चेयरमैनी मिली है। हरकोफैड के चेयरमैन वेद फूलां, अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन प्रो.रविंद्र बलियाला भी सरकार में चेयरमैन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब बलदेव ग्रोहा भी चेयरमैन बनाए गए हैं। ऐसे में रतिया क्षेत्र की सरकार में भूमिका प्रभावी हो गई है।
